logo

भीषण सड़क हादसे में बाल-बाल बचे विधायक अनंत प्रताप देव, एयरबैग खुलने से टली बड़ी अनहोनी

car_mla.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

गढ़वा जिले के भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। घटना उस समय हुई जब वे अपने आवास से डंडई एक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। रमना–श्री बंशीधर मुख्य मार्ग पर सीरियाटोंगर मोड़ के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार कमांडर (UP40D1875) गाड़ी अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमांडर वाहन ने पहले विधायक के स्कॉर्ट वाहन को जोरदार टक्कर मारी और उसके बाद सीधे विधायक की गाड़ी से भिड़ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग खुल गया। गनीमत रही की एयरबैग समय पर खुलने के कारण विधायक अनंत प्रताप देव को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कमांडर वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। इधर, जैसे ही हादसे की खबर क्षेत्र में फैली, विधायक अनंत प्रताप देव के समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ उनके आवास पर जुटने लगी। सभी ने उनके सुरक्षित होने पर राहतकी सांस ली। चिकित्सकीय रूप से भी विधायक पूरी तरह स्वस्थ और खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Tags - garhwa-district-mla-anant-pratap-dev severe-road-accident dundae-event-travel ramna-banshidhar-main-road seeriatonagar-turn-incident high-speed-commander-vehicle