चंदन कश्यप/गढ़वा
गढ़वा जिला मुख्यालय में एक सड़क दुर्घटना में घायल महिला को एंबुलेंस नहीं मिला तो परिजन उन्हें ठेले पर बैठाकर अस्पताल ले आए। परिजनों ने घायल महिला के साथ करीब दो किलोमीटर का सफर तय कर सदर अस्पताल पहुंचाया।

क्या है पूरा मामला
यह घटना गढ़वा जिला मुख्यालय क्षेत्र की है, जहां रेलवे स्टेशन के पास इंजोरिया कुंवर नामक महिला सड़क पार करते समय बाइक की चपेट में आकर घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस के लिए कॉल किया, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने मजबूरी में घायल महिला को ठेले पर बैठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। महिला के हाथ में चोट लगी थी और उसका बैंडेज किया गया। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है और वह अस्पताल में भर्ती हैं।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल
इस मामले पर जिले के सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं मिली है और न ही किसी ने उनसे संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि जिले में एंबुलेंस की कमी नहीं है, संभव है कि 108 एंबुलेंस किसी अन्य मरीज में व्यस्त रही हो, जिसके कारण समय पर नहीं पहुंच सकी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में सीधे स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें ताकि एंबुलेंस सेवा तुरंत उपलब्ध कराई जा सके।
