logo

गढ़वा में “COFFEE WITH SDM” कार्यक्रम: नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद, स्थानीय समस्याओं और विकास पर चर्चा

COFFEE_WITH_SDM.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

गढ़वा जिले में नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से सदर एसडीएम संजय कुमार ने अपने साप्ताहिक कार्यक्रम “COFFEE WITH SDM” के तहत बुधवार को गढ़वा नगर परिषद और मझिआंव नगर पंचायत के प्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विमर्श किया गया। बैठक में मझिआंव नगर पंचायत की अध्यक्ष सुमित्रा देवी, उपाध्यक्ष सुमन विश्वकर्मा, गढ़वा नगर परिषद की उपाध्यक्ष अनीता प्रसाद सहित दोनों निकायों के वार्ड पार्षद उपस्थित थे। सभी प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और आवश्यकताओं को रखा। मझिआंव नगर पंचायत के प्रतिनिधियों ने मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण और जाम जैसी समस्याओं के समाधान हेतु ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की आवश्यकता पर बल दिया। गढ़वा नगर परिषद की उपाध्यक्ष ने शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए अनुमंडल स्तर से उच्च स्तर तक प्रस्ताव भेजने का अनुरोध किया।

वार्ड पार्षदों ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों जैसे अव्यवस्थित वाहन पार्किंग, अवैध शराब बिक्री, नशाखोरी, सड़क चौड़ीकरण के बाद अनुपयोगी बिजली खंभे, साफ-सफाई व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पुलिस गश्ती, बालू का अवैध उठाव और अतिक्रमण विरोधी अभियान उठाए। सभी सुझावों और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम संजय कुमार ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों का क्रमवार परिचय प्राप्त किया गया और उन्हें उनके कार्य क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित किया गया। बैठक के अंत में सभी नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व पार्षदों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रही। एसडीएम संजय कुमार ने इस अवसर पर सभी प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनके सुझावों और शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई में बदलेगा, जिससे गढ़वा जिले के समग्र विकास और नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित हो सके।

Tags - garhwa-district coffee-with-sdm sanjay-kumar newly-elected-representatives local-governance garhwa-nagar-parishad majhiwan-nagar-panchayat ward-councillors local-issues development-discussion