द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के नामकुम स्थित पूर्व सांसद घूरन राम के अपार्टमेंट में चोरी की कोशिश करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा गया है। इनमें एक नाबालिग और दूसरा बालिग बताया जा रहा है। परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सात बजे परिवार की एक महिला बच्चे को स्कूल छोड़ने के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान दोनों आरोपी घर के अंदर घुस गए। महिला जब वापस लौटी, तो उसे घर में चोरों की मौजूदगी का आभास हुआ। इसके बाद उसने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

दोनों से हो रही पूछताछ
महिला और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अपने साथ थाने ले गई। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। घटना में चोरी हुई या नहीं और आरोपी घर में किस मकसद से घुसे थे, इस संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
