पतरातू/रामगढ़:
बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत हेहल स्थित मां छिन्नमस्तीके सीमेंट एंड इस्पात फैक्ट्री के टरबाइन क्षेत्र में फर्नेस ब्लास्ट की दर्दनाक घटना में 3 युवा इंजीनियरों की मौत और 1 इंजीनियर के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना के बाद पूर्व विधायक अंबा प्रसाद घटनास्थल पर पहुंची। अंबा प्रसाद ने मृतकों और घायल इंजीनियर के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के शीर्ष अधिकारियों से सीधी बातचीत की। अंबा प्रसाद ने दावा किया है कि उनके लगातार प्रयास और दबाव के बाद मृतकों के परिजनों के लिए 51-51 लाख रुपये तथा घायल के परिजनों के लिए 30 लाख रुपये मुआवजा सुनिश्चित कराया गया। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के लिए भी स्वयं पहल करते हुए आवश्यक व्यवस्था कराने का प्रयास किया।

अंबा प्रसाद ने भाजपा पर यह आरोप लगाया
अंबा प्रसाद ने बताया कि रामगढ़ के उपायुक्त ने भी स्पष्ट किया था कि कंपनी प्रबंधन द्वारा तय मुआवजा राशि उपलब्ध नहीं कराने तक फैक्ट्री को बंद रखा जाएगा और उसे चालू नहीं होने दिया जाएगा। हालांकि, अंबा प्रसाद का आरोप है कि वार्ता और सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाजपा की ओर से पीड़ित परिवारों को यह कहकर बुलाया गया कि वर्तमान भाजपा विधायक तय मुआवजे से अधिक राशि दिलाएंगे। इसके बाद पीड़ित परिवारों ने भाजपा के आश्वासन पर भरोसा किया।
अंबा प्रसाद ने आरोप लगाया कि बाद में मृतकों के परिजनों को केवल 30 लाख रुपये की राशि दी गई, जबकि कंपनी प्रबंधन पहले से ही इतनी राशि देने को तैयार था। उन्होंने कहा कि उनके प्रयास और लगातार दबाव के कारण ही कंपनी प्रबंधन को प्रत्येक मृतक के परिजन को 51 लाख रुपये मुआवजा देने के लिए तैयार होना पड़ा था।

मुआवजे पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण
पूर्व विधायक ने इस पूरे घटनाक्रम पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों के साथ मुआवजे के नाम पर राजनीति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने भाजपा और कंपनी प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियों में राजनीतिक दलों को पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए, न कि उनके दुख को राजनीति का विषय बनाना चाहिए।
अंबा प्रसाद ने कहा, “मृतकों एवं घायलों के परिजनों के साथ भाजपा पार्टी एवं कंपनी प्रबंधन की मिलीभगत से की गई धोखाधड़ी से मुझे बेहद दुख पहुंचा है। मानवीय एवं राजनीतिक संवेदनशीलता नाम की कोई चीज भाजपा में है या नहीं, यह मुझे पता नहीं, लेकिन स्थानीय विधायक में तो बिल्कुल ही नहीं है।”