हजारीबाग:
पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने हजारीबाग के कई दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा किया। इस दौरान वे लोगों से मिले और उनका कुशलक्षेम भी पूछा। योगेंद्र साव ने हजारीबाग स्थित कालीबाड़ी, भगत सिंह चौक स्थित जय मां काली पूजा समिति सहित कई अन्य पूजा पंडालों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्वक पूजा संपन्न कराने को लेकर कई निर्देश भी दिए।

हाल में जमानत पर बाहर आए योगेंद्र साव
गौरतलब है कि बड़कागांव में एनटीपीसी तथा उसके अधीनस्थ कंपनियों से मुआवजा विस्थापन तथा रोजगार की मांग को लेकर किए जा रहे आंदोलनों के दौरान हुए मुकदमों की वजह से पूर्व कृषि मंत्री योगेंद्र साव को जेल की सजा हुई थी। हाल ही में उनको जमानत दे दी गई। जेल से बाहर आने के बाद बड़कागांव और हजारीबाग में योगेंद्र साव का जोरदार स्वागत किया गया।

तैलिक साहू समाज ने मनाई गांधी जयंती
इस बीच हजारीबाग जिला अंतर्गत इचाक प्रखंड में तैलिक साहू समाज के द्वारा गांधी जयंती मनाई गई। इस दौरान 10वीं में अधिकतम अंक लाकर उत्तीर्ण होने वाले छात्रों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कृषि मंत्री योगेंद्र साव को आमंत्रित किया गया था। पूर्व मंत्री ने निर्धारित समय पर पहुंचकर महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प माला डालकर श्रद्धांजलि अर्पित किया।

प्रतिभा सम्मान समारोह में भी की शिरकत
प्रतिभा सम्मान समारोह में उपस्थित बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए अपने हाथों से पुरस्कार वितरण किया। पूर्व मंत्री ने कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं और देश के भविष्य को संवारना हम सबकी नैतिक जिम्मेवारी हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों से अनुरोध किया कि अपने बच्चों को अच्छी परवरिश के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाएं ताकि आगे चलकर आपके बच्चे देश का नाम रोशन कर सकें ।