द फॉलोअप डेस्क
धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लोदना ओपी के मधुबन इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता पर अपने दो माह के मासूम बेटे की हत्या का आरोप लगा है। आरोपी की पत्नी ने इस संबंध में लोदना ओपी में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़िता मुस्कान ने बताया कि उसकी शादी चंचल कुमार से पिछले वर्ष फरवरी में हुई थी। शादी के बाद से ही पति के साथ घरेलू विवाद और मारपीट होती रही। दिसंबर महीने में बेटे के जन्म के बाद विवाद और बढ़ गया। महिला का आरोप है कि उसका पति बच्चे को अपना नहीं मानता था और गर्भपात कराने का दबाव बनाता था, हालांकि उसने बच्चे को जन्म दिया।

मुस्कान के अनुसार, शुक्रवार की रात भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह बच्चे को दूध पिलाकर सुला दी और स्वयं भी सो गई। कुछ समय बाद जब उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि बच्चे की हालत बिगड़ी हुई थी और उसकी नाक से खून बह रहा था। आनन-फानन में बच्चे को झरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे धनबाद रेफर कर दिया गया। धनबाद पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। महिला ने आरोप लगाया है कि झगड़े के बाद जब सभी लोग सो गए थे, उसी दौरान उसके पति ने बच्चे का गला दबाकर हत्या कर दी।

मामले की सूचना मिलते ही लोदना ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लोदना ओपी प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि महिला द्वारा अपने पति पर दो माह के पुत्र की हत्या का आरोप लगाया गया है। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।