logo

दुमका को मिला आधुनिक खेल केंद्र : शिबू सोरेन इंडोर स्टेडियम का उद्घाटन, खिलाड़ियों को नई उड़ान

गल्ददी2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दुमका जिले के खेल प्रेमियों के लिए हेमंत सोरेन सरकार ने बड़ी सौगात दी है। स्थानीय विधायक बसंत सोरेन ने करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शिबू सोरेन इंडोर स्टेडियम का उद्घाटन किया। इस आधुनिक स्टेडियम के शुरू होने से जिले में इनडोर खेलों को नया मंच मिलेगा।

एक ही छत के नीचे खिलाड़ियों के लिए बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम और शतरंज जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा जिम और योगाभ्यास की भी समुचित व्यवस्था की गई है। बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए चार आधुनिक कोर्ट बनाए गए हैं, जिससे एक साथ कई खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि दुमका राज्य की उपराजधानी है और इसे उसी अनुरूप विकसित किया जा रहा है। कई विकास योजनाएं अब जमीन पर उतर चुकी हैं और आने वाले समय में और भी जनहितकारी योजनाओं को लागू कर जिले के समग्र विकास को गति दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि शिबू सोरेन इंडोर स्टेडियम को सभी प्रकार के इनडोर खेलों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, ताकि यहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकें। यह स्टेडियम युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करेगा।

इस मौके पर दुमका के उपविकास आयुक्त अनिकेत सचान ने कहा कि स्टेडियम के संचालन के लिए जल्द ही मेम्बरशिप ड्राइव शुरू की जाएगी, जिससे आम लोग भी इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में कैरम, शतरंज, टेबल टेनिस सहित अन्य खेलों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सामग्री उपलब्ध है। साथ ही योग कक्षाएं शुरू करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है।

इससे पहले विधायक बसंत सोरेन ने खूंटाबांध तालाब में पैडल बोटिंग की भी शुरुआत की। स्थानीय लोगों की लंबे समय से इस सुविधा की मांग थी। उन्होंने कहा कि खूंटाबांध तालाब दुमका शहर का एक प्रमुख और मनोरम स्थल है, जहां मनोरंजन और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बोटिंग सुविधा शुरू की गई है। प्रति राइड मात्र 30 रुपये शुल्क रखा गया है और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। भविष्य में आवश्यकता अनुसार और पैडल बोट्स भी जोड़े जाएंगे।