logo

नशे में कार चालक का तांडव : धनबाद के मेमको मोड़ पर तीन गाड़ियों को रौंदा, चार घायल, दो की हालत गंभीर

ूद्ो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित मेमको मोड़ पर शनिवार देर रात एक शराब के नशे में धुत कार चालक ने सड़क पर अफरा-तफरी मचा दी। अनियंत्रित रफ्तार में दौड़ रही कार ने एक के बाद एक तीन वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। इस दुर्घटना में कुल चार लोग घायल हो गए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि एक परिवार, जो कार में सवार था, इस हादसे में बाल-बाल बच गया।


जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना करने वाली कार में चालक के अलावा दो अन्य युवक भी सवार थे। तीनों ने मेमको मोड़ स्थित शराब दुकान से शराब खरीदी और वहीं खड़े होकर शराब पी। इसके बाद नशे की हालत में चालक ने तेज रफ्तार से कार चला दी। सबसे पहले कार ने सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी को टक्कर मारी। इसके बाद भी चालक नहीं रुका और आगे बढ़ते हुए दूसरी कार तथा फिर एक एसयूवी को भी अपनी चपेट में ले लिया। लगातार हुई टक्करों से सभी वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।


हादसे में रणबीर कुमार और एक महिला सहित चार लोग घायल हुए हैं। रणबीर कुमार और महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य दो घायलों को भी चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि उस समय सड़क पर भीड़ अधिक होती, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। एक कार में सवार परिवार सौभाग्य से सुरक्षित बच गया।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि गलती हर किसी से हो जाती है। हालांकि, कार में सवार उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने वाहन की तलाशी के दौरान शराब की बोतलें भी बरामद की हैं।
सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार युवकों की तलाश जारी है।