दुमका:
रविवार (6 मार्च) को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी अविनाश पांडे ने दुमका कांग्रेस के प्रमंडल स्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जिला स्तरीय, प्रखंड स्तरीय और बूथ स्तरीय पदाधिकारियों के साथ-साथ हर एक विभाग के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तक कार्यक्रम का संदेश पहुंचाना है।
एक-एक व्यक्ति जो पार्टी के अंदर जिम्मेदार पद पर है और जिम्मेदारी निभा रहा है चाहे जिला का पदाधिकारी हो या किसी डिपार्टमेंट सेल का पदाधिकारी या प्रखंड का उनके साथ सार्थक रूप से संवाद करने का निर्णय लिया गया है।
सभी प्रमंडलों में संवाद करेंगे पदाधिकारी
उसी कार्यक्रम के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी और सभी शीर्ष नेताओं ने मिलकर निर्णय लिया कि पूरे प्रदेश के सभी पांच प्रमंडल में जाकर पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारी उनके साथ हर मुद्दे पर का संवाद करें। अविनाश पांडेय नेकहा कि अखिल भारतीय स्तर से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ता और पदाधिकारी के साथ संवाद स्थापित हो। इसी कड़ी में कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

संगठन की बातों को सही मंच पर रखें लोग
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जन जागरण अभियान के दौरान लगातार आप लोगों के संपर्क में रहने की कोशिश की, इसके बावजूद ये जरूरत है कि हम अपनी बातों को संगठन के माध्यम से सरकार तक पहुंचाने का काम करें। हमारे प्रभारी अविनाश पांडे भी चाहते हैं आपकी जो समस्याएं हैं जो आप संगठन में चाहते हैं उन बातों को सोनिया गांधी और राहुल गांधी तक लेकर जाएं इसलिए इस संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
चिंतन शिविर में सामने आए थे कई मसले
राजेश ठाकुर ने कहा कि हम समझते हैं कि प्रभारी के निर्देश पर जो चिंतन शिविर आयोजित किया। चिंतन शिविर में ये बात सामने आई कि कहीं ना कहीं जो प्रखंड में बैठा हमारा प्रतिनिधि है उस से संवाद की कमी है।
तत्पश्चात यह निर्णय लिया गया कि हम तमाम प्रमंडलों में जाकर अपने प्रखंड और पंचायत स्तर के प्रतिनिधि से मिलेंगे। उनकी बात सुनेंगे। इस प्रतिनिधि सम्मेलन में आप सभी का स्वागत करते हैं आभार व्यक्त करते हैं।

संवाद से जमीनी सच्चाई का पता चलता है
सम्मेलन को कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने भी संबोधित किया। आलमगीर ने कहा कि संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। कार्यकर्ता और संगठन के पदाधिकारियों के साथ संवाद होते रहना चाहिए। संवाद से जमीनी स्तर पर सच्चाई का पता चलता रहता है।
कार्यक्रम में कई नेता-कार्यकर्ता ने शिरकत की
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री बन्ना गुप्ता बादल पत्रलेख, कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो, बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रणव झा, पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय, फुरकान अंसारी, विधायक प्रदीप यादव, इरफान अंसारी ,दीपिका पांडे, जोनल कोऑर्डिनेटर सुल्तान अहमद, कृष्णानंद झा, राजेश रंजन, मणि शंकर, केएन त्रिपाठी, दुमका जिला अध्यक्ष श्यामल किशोर सिंह, साहिबगंज से अनुकूल मिश्रा, गोड्डा से दिनेश यादव, पाकुड़ से उदय लखानी, जामताड़ा से मुक्ता मंडल, देवघर से मुन्नन संजय एवं सभी जिला पदाधिकारी गण प्रखंड अध्यक्ष गण एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि गण उपस्थित थे।