logo

कदमा के फार्म एरिया में सड़क किनारे मिला दिव्यांग मासूम, मां के छोड़ जाने की आशंका

WhatsApp_Image_2026-05-14_at_4_11_55_PM.jpeg

जमशेदपुर

जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया में गुरुवार आज सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां सड़क किनारे एक दिव्यांग मासूम बच्चा लावारिस हालत में पाया गया। घटना ने इलाके के लोगों को भावुक कर दिया और कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्चे की मां उसे अपने साथ लेकर कुछ देर तक सड़क किनारे बैठी रही। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि थोड़ी देर बाद महिला बच्चे को वहीं छोड़कर कहीं चली गई और फिर वापस नहीं लौटी। आसपास मौजूद लोगों ने काफी देर तक उसके लौटने का इंतजार किया, लेकिन जब वह वापस नहीं लौटीं, तो लोगों ने बच्चे की मदद के लिए आगे कदम बढ़ाया।

हालत देख पसीजा लोगों का दिल
इस दौरान मासूम की हालत देख हर कोई व्यथित नज़र आया। बताया जा रहा है कि बच्चा शारीरिक रूप से दिव्यांग है। वह न तो स्पष्ट रूप से बोल पा रहा है, न चल सकता है और न ही अपने घर या परिजनों के बारे में कोई जानकारी दे पा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि उसकी शारीरिक स्थिति के कारण ही उसे इस तरह छोड़ दिया गया।

बाल संरक्षण केंद्र भेजने की प्रक्रिया शुरू
सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर थाना ले गयी। पुलिस ने बताया कि बच्चे की समुचित देखभाल के लिए उसे किसी सक्षम एनजीओ या बाल संरक्षण केंद्र में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। साथ ही, उसकी मां और परिजनों की पहचान के प्रयास भी जारी हैं। यह घटना समाज के संवेदनशील पहलुओं को उजागर करती है। स्थानीय लोगों ने इसे अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में एक मासूम को इस तरह असहाय छोड़ देना गंभीर चिंता का विषय है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Tags - Jamshedpur News Kadma Police Child Rescue Jharkhand News Disabled Child