द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची से पटना जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर के दौरान बिहार के मधेपुरा निवासी 31 वर्षीय देवपालिक गुप्ता लापता हो गए। उनके दोस्त गौतम कुमार ने रांची रेल थाना में आवेदन देकर युवक को खोजने में मदद की गुहार लगाई है। गौतम कुमार के अनुसार, वह 26 अक्टूबर को अपने दो साथियों देवपालिक गुप्ता और निशांत रजक के साथ ट्रेन से पटना जा रहे थे। ट्रेन के सी-2 कोच में गौतम की सीट नंबर 65 और देवपालिक की सीट नंबर 50 थी। रांची से ट्रेन खुलने के करीब आधे घंटे बाद देवपालिक ने कुछ खाने के लिए जाने की बात कही, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे।

तीन बार पूरी ट्रेन में तलाश, CCTV फुटेज में भी नहीं मिले
देवपालिक के वापस नहीं आने पर गौतम कुमार और उनके साथी निशांत रजक ने पूरी ट्रेन में उनकी तलाश की। तीन बार खोजने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला। तलाश करते हुए दोनों बोकारो तक पहुंच गए, लेकिन देवपालिक कहीं नहीं मिले। इसके बाद वे दूसरी ट्रेन से मूरी पहुंचे और GRP के सहयोग से RPF के पास जाकर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। हालांकि, फुटेज में भी देवपालिक दिखाई नहीं दिए। दोस्तों ने उनके मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद गौतम कुमार ने रांची रेल थाना में आवेदन देकर पुलिस से युवक की तलाश करने का अनुरोध किया।

लापता युवक का हुलिया
देवपालिक गुप्ता की उम्र करीब 31 वर्ष और लंबाई लगभग साढ़े पांच फीट बतायी गई है। उनका रंग गोरा, आंखें और बाल काले हैं। उनके चेहरे पर दाढ़ी है। लापता होने के समय उन्होंने काले रंग का कुर्ता और काली पैंट पहन रखी थी। उनके पैरों में कोल्हापुरी चप्पल थी। देवपालिक गुप्ता के पिता का नाम और अन्य पते से संबंधित विवरण आवेदन में दर्ज हैं।