logo

भाजपा नेता दीपक प्रकाश की अभिजीत दीपके को चुनौती, बोले- झारखंड आकर मांगें इस्तीफा...

deepak11.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

वरीय भाजपा नेता दीपक प्रकाश ने कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को झारखंड आकर यहां जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों के समर्थन में आंदोलन करने की चुनौती दी है। साथ ही उन्होंने 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतों पर कांग्रेस पार्टी और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाया है। दीपक प्रकाश ने कहा कि यदि अभिजीत दीपके झारखंडी छात्रों के हित में नहीं बोलते हैं तो ऐसा समझा जाएगा कि वह किसी खास राजनीतिक पार्टी के  इशारे पर आंदोलन में आए और कुछ खास लोगों को उसमें जोड़ा। 

 

राहुल गांधी और कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल
दीपक प्रकाश ने कहा कि जेपीएससी परीक्षा में हुई गड़बड़ी अब जगजाहिर है। चेयरमैन का इस्तीफा हो चुका है। परीक्षा एजेंसी टीडीपीएल के वरीय अधिकारी के घर से नकदी का भंडार मिला है जो नौकरी का झांसा देकर नौजवानों से वसूला गया था। साफ है कि भर्ती घोटाला हुआ है, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस  पार्टी मौन क्यों है? दीपक प्रकाश ने कांग्रेस पार्टी को नैतिकता के आधार पर सरकार से अलग हो जाने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी ऐसा नहीं करती है तो समझा जाएगा कि सियासी रोटी सेंकने के मकसद से आंदोलन किया गया था। 

कॉकरोच जनता पार्टी को सियार की संज्ञा
कॉकरोच जनता पार्टी को सियार की संज्ञा देते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि दिल्ली में खास सियासी विचारधारा के इशारे पर शोर मचाया गया। उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी पर नौजवानों  को गुमराह करके आंदोलन करवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्या झारखंडी आदिवासी-मूलवासी नौजवानों का कोई भविष्य नहीं है? क्या उनका कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी को झारखंड की मौजूदा सरकार से अलग होने और अभिजीत दीपके से झारखंड आकर आंदोलन करने और सरकार से इस्तीफा की मांग करने की चुनौती दी है। देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस की प्रतिक्रिया क्या होगी।

Tags - Deepak PrakashAbhijeet DipakeCJPJharkhandJPSC