logo

घाटशिला में बन रहे हेरिटेज विलेज का डीसी ने किया निरीक्षण, दो महीनों में निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश

ghatsila1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

घाटशिला प्रखंड अंतर्गत कशीदा पंचायत में श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन के तहत निर्माणाधीन हेरिटेज विलेज का निरीक्षण सोमवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और देरी के कारणों को लेकर संबंधित पदाधिकारियों व संवेदक एजेंसी से विस्तार से चर्चा की। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अगले दो महीनों के भीतर सभी अधूरे कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि हेरिटेज विलेज को पर्यटकों के लिए खोला जा सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिले की सांस्कृतिक विरासत को संजोने के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा देगी।

निरीक्षण के दौरान डीसी को बिजली आपूर्ति, जल निकासी और अन्य आधारभूत समस्याओं से अवगत कराया गया, जिस पर उन्होंने संबंधित विभागों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और समन्वित प्रयासों से इसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। इस अवसर पर एसडीओ सुनील चंद्र, बीडीओ, सीओ, जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Tags - tourism dept jharkhand heritage village jharkhand news ghatsila news latest news