द फॉलोअप डेस्क
झारखंड से बिहार जा रही एक कार शनिवार शाम दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार, एक ट्रक के पीछे चल रही कार को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार आगे और पीछे के ट्रकों के बीच बुरी तरह फंस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद जीटी रोड पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि दोनों ट्रक चालक मौके से फरार हो गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन में घंटों मशक्कत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, जिससे शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे की भयावहता ने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया।

पूरे परिवार की मौत, घर में पसरा मातम
मृतकों की पहचान शिव कुमार भुईया (42), उनकी पत्नी रूबी कुमारी (38), पुत्री सोनी कुमारी (12), सुहानी कुमारी (8) और उनके ससुर के रूप में हुई है। सभी बुदोरा कॉलोनी के निवासी थे और गया जिला में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। शिव कुमार भुईया भारत कोकिंग कोल लिमिटेड की बेनीडीह कोलियरी में कार्यरत थे और खुद कार चला रहे थे। इस हादसे में परिवार का 15 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार इसलिए बच गया, क्योंकि वह इस यात्रा में शामिल नहीं हुआ था। घटना के बाद परिवार के घर में मातम पसरा हुआ है और परिजन गयाजी से चौपारण पहुंच चुके हैं।