नंदलाल तुरी/पाकुड़:
Jharkhand News: पाकुड़ जिले (Pakur District) में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश ने किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में पड़ा धान पूरी तरह से बर्बाद हो गया है, तो वहीं रबी की फसलें (Rabi Crops) भी पानी में डूबकर सड़ गई हैं। किसान (Farmer's) अब फिर से फसल लगाने की कोशिश में हैं, लेकिन उनके मन में एक डर भी है कि कहीं कुदरत फिर से उनकी मेहनत बर्बाद ना कर दे। लगातार बारिश के कारण जो धान कटकर जमीन पर पड़ा था, वो पूरी तरह से खराब हो गया है। किसानों का कहना है कि धान अब किसी काम का नहीं बचा है। ना वो खाने लायक है, ना बेचने लायक।
इतना ही नहीं! रबी की फसल जैसे प्याज, लहसुन, धनिया, आलू और सरसों, जो किसानों ने बड़ी उम्मीद के साथ लगाई थी, वो भी लगातार पानी के कारण पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है। खेतों में पानी भरा होने से बीज सड़ गए हैं और जो पौधे उगे थे, वो भी गल गए हैं।

खेती-बाड़ी ही आय का एकमात्र साधन है
किसानों का कहना है कि खेती-बाड़ी के अलावा उनके पास आय का कोई दूसरा साधन नहीं है। इसी खेती से उनके परिवार का गुजारा चलता है, बच्चों की पढ़ाई होती है, घर का खर्च चलता है। लेकिन इस बार की बारिश ने सब कुछ छीन लिया है। इसके बावजूद किसान हार नहीं मान रहे हैं। कई किसान फिर से खेतों से पानी निकालकर दोबारा रबी फसल लगाने की कोशिश में जुटे हैं। लेकिन उनके चेहरे पर चिंता साफ दिख रही है।
"फिर से लगा रहे हैं, लेकिन डर लगता है कि कहीं फिर बारिश आ गई तो क्या होगा? सरकार को हमारा नुकसान देखना चाहिए, मुआवजा मिलना चाहिए।"

सरकार से मुआवजा मांग रहे हैं किसान
किसान अब सरकार से नुकसान के मुआवजे की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि फसल बीमा और सरकारी सहायता के बिना वो दोबारा खेती शुरू नहीं कर पाएंगे। किसानों ने प्रशासन से सर्वे कराकर जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है।