logo

जामताड़ा में साइबर ठगी के नेटवर्क का खुलासा, 8.13 लाख रुपये के साथ 3 गिरफ्तार

जामताड़ा में साइबर ठगी के नेटवर्क का खुलासा, 8.13 लाख रुपये के साथ 3 गिरफ्तार

जामताड़ा 
Jamtara News:
जामताड़ा साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 8 लाख 13 हजार रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के बोरोवा गांव निवासी बबलू अंसारी (22), करमाटांड़ थाना क्षेत्र के काशीटांड़ गांव निवासी पप्पू मंडल (25) और प्रकाश कुमार मंडल (28) के रूप में हुई है। गुरुवार को साइबर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने पूरे मामले की जानकारी दी।

गुप्त सूचना पर गठित की गई विशेष छापेमारी टीम
एसपी ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम में पुलिस निरीक्षक सह साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक अनिल अभिषेक, पुलिस निरीक्षक अमित कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो और कुंदन कुमार वर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने सबसे पहले नारायणपुर थाना क्षेत्र के बोरोवा गांव निवासी बबलू अंसारी के घर पर कार्रवाई की। वहां से चार मोबाइल फोन और 8 लाख 13 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने मिली सूचना के आधार पर करमाटांड़ थाना क्षेत्र के काशीटांड़ आम बागान के समीप छापेमारी की। यहां से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से चार मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने कुल आठ मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड जब्त किए हैं।

क्रेडिट कार्ड और कैशबैक के नाम पर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार साइबर अपराधी लोगों को फोन कर क्रेडिट कार्ड से संबंधित समस्याओं का झांसा देते थे। इसके बाद उनके मोबाइल पर Rumyee App की फर्जी APK फाइल भेजी जाती थी। लोगों को इस एप को इंस्टॉल करने के लिए प्रेरित किया जाता था। जैसे ही कोई व्यक्ति फर्जी एप इंस्टॉल करता था, साइबर अपराधी उसके मोबाइल से संबंधित जानकारियां हासिल कर ठगी को अंजाम देते थे। इसके अलावा अपराधी PhonePe के नाम पर 1,999 रुपये कैशबैक मिलने का फर्जी संदेश भेजते थे। लोगों को कैशबैक स्वीकार करने के लिए दिए गए निर्देशों का पालन करने को कहा जाता था। इसके जरिए भी लोगों को फर्जी एप के माध्यम से साइबर ठगी का शिकार बनाया जाता था।

दो साइबर मामलों में दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 71/26 एवं 72/26, दिनांक 4 नवंबर 2026 को दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) और दूरसंचार अधिनियम 2023 की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पहले भी साइबर अपराध के मामलों में आरोपित रह चुके हैं दो आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में पप्पू मंडल का नाम पूर्व में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 33/25 में सामने आया था। इस मामले में उसके विरुद्ध आरोप पत्र समर्पित किया जा चुका है। वहीं प्रकाश कुमार मंडल भी साइबर अपराध थाना कांड संख्या 09/25 में आरोपित है। उसके विरुद्ध भी आरोप पत्र समर्पित किया जा चुका है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था। फिलहाल मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

Tags - Jamtara cyber crimeCyber criminals arrestedJharkhand police actionFake app fraudCyber crime news