गढ़वा
सीआरपीएफ के स्पेशल डीजी दीपक कुमार मंगलवार को गढ़वा पहुंचे, जहां उन्होंने बूढ़ा पहाड़ का दौरा किया और वहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने तैनात जवानों का मनोबल बढ़ाया और कहा कि जहां सीआरपीएफ है, वहां विजय निश्चित है. जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है, लेकिन यह हलचल नक्सल गतिविधियों को लेकर नहीं बल्कि विकास कार्यों को लेकर देखी जा रही है. इसी क्रम में सीआरपीएफ के स्पेशल डीजी दीपक कुमार अचानक बूढ़ा पहाड़ पहुंचे और अब तक हुए विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की. इसके अलावा उन्होंने बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र में मौजूद ग्रामीणों से भी मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम पूछा. ग्रामीणों ने बताया कि जब से यह इलाका नक्सल मुक्त हुआ है, तब से यहां शांति और अमन-चैन का माहौल है और लोग अब निडर होकर जीवन यापन कर रहे हैं.
जहां CRPF वहां विजय निश्चित
इसके बाद डीजी ने बूढ़ा पहाड़ और गढ़वा में तैनात जवानों के साथ बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया. उन्होंने जवानों से कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों से तुरंत संपर्क करें. मीडिया से बातचीत करते हुए दीपक कुमार ने कहा कि पहले बूढ़ा पहाड़ भाकपा माओवादी संगठन का गढ़ था और यहां उनका बेस कैंप और प्रशिक्षण केंद्र हुआ करता था, लेकिन जब से सीआरपीएफ ने यहां मोर्चा संभाला है, तब से यह इलाका नक्सल मुक्त हो चुका है. जहां सीआरपीएफ तैनात रहती है, वहां हमेशा विजय निश्चित होती है.
