जामताड़ा
जामताड़ा जिले में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और अपराध पर नकेल कसने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस अधीक्षक (SP) शंभू कुमार सिंह ने जामताड़ा थाना और जिला नियंत्रण कक्ष (Dial-112) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधि-व्यवस्था, लंबित कांडों और जन-सुनवाई की स्थिति की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को कड़ा दिशा-निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बालिका विद्यालयों, कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों के खुलने और बंद होने के समय उन क्षेत्रों में विशेष पुलिस गश्ती सुनिश्चित की जाए। इसका उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं के लिए एक सुरक्षित वातावरण तैयार करना और मनचलों पर लगाम लगाना है।

लंबित गंभीर मामलों की समीक्षा
एसपी शंभू कुमार सिंह ने थाना प्रभारी और कनीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित गंभीर मामलों की समीक्षा की। जिनमें त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी, गृहभेदन और अन्य गंभीर कांडों का अविलंब उद्भेदन कर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। बैंक, एटीएम, ज्वेलरी दुकानों और प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुदृढ़ करने हेतु गश्ती तेज करने के निर्देश दिए। क्षेत्र में अवैध शराब का निर्माण कर बिक्री, बालू का अवैध उत्खनन, परिवहन, जुआ और लॉटरी जैसे काले कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाने की हिदायत दी गई।

'रिस्पॉन्स टाइम' को न्यूनतम रखते हुए त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कहा कि अपनी समस्याओं को लेकर थाना आने वाले आम नागरिकों के साथ शालीनता पूर्वक व्यवहार किया जाए। शिकायतों को सुनकर तत्काल विधि सम्मत कार्रवाई करना अनिवार्य है। साथ ही, उन्होंने थाना परिसर की स्वच्छता और कर्मियों को ईमानदारी एवं दृढ़ता के साथ अपने कर्तव्य निर्वहन की शपथ दिलाई। अंत में, Dial-112 और नियंत्रण कक्ष के कर्मियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी सूचना पर 'रिस्पॉन्स टाइम' को न्यूनतम रखते हुए त्वरित कार्रवाई करें, ताकि आपात स्थिति में आमजन को तत्काल सहायता मिल सके। मौके पर जामताड़ा थाना प्रभारी सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।