logo

पार्षद का बेटा बना दरिंदा, एकतरफा प्यार में लड़की को बीच सड़क जिंदा जलाया

crime310.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के पटना जिले में एक पार्षद के बेटे ने एकतरफा प्यार में 17 साल की लड़की को जिंदा जला दिया। पीड़िता 6 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी से जंग लड़ती रही, लेकिन शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। यह घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के बैरिया गांव की है। आरोपी का नाम आदित्य कुमार है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आरोपी की तलाश की जा रही है। मृतका के परिजनों ने बताया कि आदित्य काफी समय से किशोरी को परेशान कर रहा था। बात नहीं मानने पर उसने पहले जान से मारने की धमकी भी दी थी। किशोरी के परिजन फुलवारीशरीफ के अब्दुल्लाहचक में किराये के मकान में रहते हैं। पिता मजदूरी करते हैं। किशोरी बेरिया गांव में अपने ननिहाल में रहकर 10वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। 17 जनवरी को वह पिता द्वारा की गई मजदूरी का पैसा लेने किसान के पास बैरिया गई थी।


शाम के वक्त वह वहां से अपने पिता के पास अब्दुल्लाहचक लौट रही थी। तभी आदित्य कुमार ने बैरिया में छात्रा को रोका और उससे बात करने की जिद करने लगा था। छात्रा ने बातचीत करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई। इस दौरान आरोपी ने छात्रा को पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी दी। लेकिन किशोरी बात करने को राजी नहीं हुई। आदित्य ने बोतल में लाया पेट्रोल छात्रा पर उड़ेल दिया और माचिस से आग लगा दी। आग लगते ही छात्रा चीखती-चिल्लाती बदहवास करीब 100 फीट तक भागती रही और अंत में वह वहीं गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने बुरी तरह झुलसी हालत में छात्रा को एनएमसीएच में भर्ती कराया। वहां, इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।


परिजन के मुताबिक आदित्य कुमार लंबे समय से छात्रा को रास्ते में रोककर परेशान कर रह था और जबरन दोस्ती करने का दबाव बना रहा था। आरोपी ने किशोरी के आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया वायरल करने के अलावा उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।