logo

एसआईपी प्रॉडिजी-2026 में बच्चों का बौद्धिक धमाल, 11 मिनट में 300 प्रश्न हल कर सबको चौंकाया

WhatsApp_Image_2026-01-25_at_8_39_44_PM.jpg

 द फॉलोअप डेस्क
रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में रविवार को आयोजित राज्यस्तरीय ‘एसआईपी प्रॉडिजी-2026’ प्रतियोगिता में बच्चों की बौद्धिक क्षमता का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला। एसआईपी एकेडमी इंडिया द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड भर से आए करीब 2200 बच्चों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने अबेकस और मानसिक अंकगणित के माध्यम से बिना कैलकुलेटर के 300 प्रश्नों को 11 मिनट से भी कम समय में हल कर दर्शकों, अभिभावकों और शिक्षकों को हैरान कर दिया।

 

इस प्रतियोगिता में रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, रामगढ़, डाल्टनगंज, देवघर, दुमका, लोहरदगा, गोड्डा, गिरिडीह, गुमला, खूंटी सहित राज्य के 85 एसआईपी लर्निंग सेंटरों से 6 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे शामिल हुए। बच्चों ने ब्रेन जिम, अबेकस और मेंटल मैथ्स के जरिए तेज गति और सटीक गणना कर यह साबित किया कि नियमित अभ्यास से मस्तिष्क की क्षमता को असाधारण स्तर तक विकसित किया जा सकता है।


प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले बच्चों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। कुल 17 बच्चे प्रतियोगिता के चैंपियन बने, जबकि 129 बच्चों को प्रथम उपविजेता, 186 को द्वितीय उपविजेता और 347 बच्चों को तृतीय उपविजेता घोषित किया गया। इसके अलावा 861 बच्चों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। इस प्रकार कुल 1593 बच्चों को मंच पर सम्मानित किया गया, जिससे प्रतिभागी बच्चों का उत्साह दोगुना हो गया।


इस अवसर पर एसआईपी एकेडमी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर दिनेश विक्टर ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि उनकी गति और सटीकता असाधारण है। रीजनल हेड सुभजीत मल्लिक ने झारखंड के बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने में सक्षम बताया, वहीं स्टेट हेड इकबाल सिंह होरा ने कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने पर बच्चों के सामने कैलकुलेटर भी फेल है। उल्लेखनीय है कि ‘एसआईपी प्रॉडिजी’ प्रतियोगिता अब तक पांच बार लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हो चुकी है, जो इसकी गुणवत्ता और विश्वसनीयता को दर्शाती है।