पलामू:
चियांकी में अधूरे फोरलेन ब्रिज से गिरकर 12 साल के बच्चे की मौत हो गई. घटना शुक्रवार देर शाम की है जब बच्चा निर्माणाधीन ब्रिज से स्कूटी सहित गिर गया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह दुर्घटना नहीं अपितु लापरवाही का नतीजा है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि देर शाम अंधेरे में तेज आवाज आई. पहले तो लोगों को लगा कि ब्रिज की लाइट गिरी होगी, लेकिन जब वे आवाज की दिशा में गए तो पाया कि एक बच्चा स्कूटी समेत गिर गया है. बच्चे को गंभीर चोट आई थी जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई.
अस्पताल पहुंचाया पर नहीं बची जान
घटनास्थल पर स्थानीय लोग और एक स्कॉर्पियो सवार तुरंत मौके पर पहुंचे और पास में मौजूद पुलिस टीम को सूचना दी गई. पुलिस की मदद से बच्चे को तुरंत अस्पताल भेजा गया, लेकिन बच्चा जिस तरीके से पुल से नीचे गिरा था, लोगों को अनहोनी की आशंका हो गई थी. बताया जा रहा है कि बच्चा सीधे मुंह के बल नीचे गिरा था और गिरते समय वह चीख भी नहीं पाया था.
बर्थडे सेलिब्रेशन के बीच हुआ हादसा
दुर्घटना से जुड़ा एक दिलचस्प वाकया यह भी हुआ कि हादसे के तुरंत बाद वहां 3 बच्चियां रोते हुए पहुंची और बताया कि वे सभी पोखरहा खुर्द के रहने वाले हैं और ब्रिज पर बर्थडे सेलिब्रेशन का रील बना रहे थे. इसी दौरान 12 साल का बच्चा स्कूटी लेकर ब्रिज पर चला गया और नीचे गिरने से उसकी मौत हो गई.