सरायकेला-खरसावां
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में हल्की बारिश ने एक बार फिर चांडिल बाजार की बदहाल जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। थोड़ी देर की बारिश होते ही बाजार की नालियों से काला और बदबूदार गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विडंबना यह रही कि इसी मार्ग से होकर भगवान श्री जगन्नाथ की रथ वापसी यात्रा संपन्न हुई, उसी रास्ते पर गंदा पानी फैला रहा। इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी गई।

जल निकासी व्यवस्था में सुधार की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं
वहीं नाराज लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि लगभग सालों भर नालियों का पानी सड़क पर बहते रहता है,जो बरसात में उफान पर रहती है। वर्षों से यह समस्या बनी हुई है। हर बरसात में चांडिल बाजार की यही स्थिति हो जाती है, लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं निकाला गया। स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों का आरोप है कि नगर प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया है। हर बार केवल आश्वासन मिलता है, लेकिन नालियों की नियमित सफाई, चौड़ीकरण और जल निकासी व्यवस्था में सुधार की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता।

व्यापार पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव
गंदे पानी के कारण न केवल आवागमन बाधित होता है, यहां आती-जाती वाहन से पानी की छींटे दुकान तक भी घुस जाती है तथा दुर्गंध और संक्रमण फैलने का भी खतरा बना रहता है। व्यापार पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, क्योंकि ग्राहक बाजार आने से कतराते हैं।चांडिल बाजार के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए नालियों की समुचित सफाई कराई जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही इस गंभीर समस्या से लोगों को राहत मिल सके। अब देखना होगा कि प्रशासन इस बार भी केवल आश्वासन देता है या फिर जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई करता है।