logo

बॉयफ्रेंड पर रेप का आरोप लगाने वाली युवती पर पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज, आरोपी बोला- 14 साल की उम्र से हुआ मेरा शोषण

a1131.jpg

गढ़वा:

गढ़वा में कथित बॉयफ्रेंड और उसके बहनोई पर जबरन मांग में सिंदूर भरकर गैंगरेप का आरोप लगाने वाली युवती के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। दरअसल, गैंगरेप केस में आरोपी बनाए गए 18 वर्षीय युवक ने बताया कि जब वह करीब 14 साल का था, तभी से युवती उसपर दबाव डालकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना रही थी। आरोपी के पिता ने युवती के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में केस किया है और अब छानबीन की जा रही है। गढ़वा एसपी अमन कुमार का कहना है कि पीड़िता बार-बार अपना बयान बदल रही है, इसलिए यह अनुसंधान का विषय है कि वाकई में हुआ क्या था। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक इस केस में कुछ भी नहीं कहा जा सकता। 

4 अप्रैल की शिकायत में नहीं था रेप का जिक्र!
गढ़वा एसपी अमन कुमार ने बताया कि 4 अप्रैल को युवती ने थाने में यह शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके कथित बॉयफ्रेंड ने उसे बंदूक की नोक पर अगवा किया और जबरन मांग में सिंदूर भरकर उससे शादी रचाई, अब अब अपनाने से इनकार कर रहा है। युवती की मांग थी कि पुलिस उक्त युवक से उसकी शादी कराए। एसपी का कहना है कि हमने युवती और आरोपी युवक के अभिभावकों को थाने बुलाया, लेकिन उनके बीच कोई समझौता नहीं हो सका। युवती गढ़वा में ही बालिका आश्रय गृह में रूक गई जबकि युवक को उसके अभिभावक घर ले गए।

उनका कहना है कि 2 दिन पहले युवती दोबारा थाने आई और शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसके साथ युवक और उसके बहनोई ने बंदूक की नोक पर गैंगरेप किया है। युवती का दावा है कि 4 अप्रैल को उसके साथ रेप हुआ था। एसपी का कहना है कि जब युवती 4 अप्रैल को थाना आई थी, तब उसने रेप की शिकायत नहीं की थी। 

पीड़िता ने 2 अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई
दरअसल, गढ़वा के डंडा थानाक्षेत्र अंतर्गत एक गांव की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि वह पलामू के पनेरीबांध में रहकर पढ़ाई करती है। पास में ही पलामू का रहने वाला 18 वर्षीय राहुल चौधरी रहता था। युवती ने आरोप लगाया कि एक दिन कमरे में उसे अकेला पाकर राहुल ने पिस्तौल की नोक पर उससे रेप किया। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे चुप करा दिया। वह इस घटना पर चुप रही और कुछ समय बाद अपने घर लौट आई।

पीड़िता का दावा है कि 4 अप्रैल को जब उसके माता-पिता घर पर नहीं थे, राहुल चौधरी अपने बहनोई आलोक चौधरी के साथ वहां पहुंचा और उसे अगवा कर लिया। 

पीड़िता का आरोप है कि राहुल चौधरी ने अपनी बहन पूजा देवी और बहनोई आलोक चौधरी की मौजूदगी में उसकी मांग में सिंदूर भरकर उससे शादी रचाई और फिर पास ही तहले नदी पर बने पुल के नीचे ले जाकर बारी-बारी से रेप किया। 

पीड़िता के खिलाफ ही पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज
हालांकि, अब पीड़िता के खिलाफ ही पॉक्सो एक्ट में के दर्ज होने से पूरा मामला दिलचस्प हो गया है। गढ़वा एसपी का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। पीड़िता की शिकायतों में काफी विरोधाभाष है। आरोपी के पिता की दी गई शिकायत पर भी जांच होगी। 


 

Tags - Garhwa Gangrape CaseGarhwa GagnrapeGarhwa POCSOPOCSO CaseGarhwa Police