बोकारोः
बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खुंटाडीह गांव की 18 वर्षीय पुष्पा कुमारी पिछले आठ महीनों से लापता है। इस मामले में पुलिस के रवैये पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित परिवार न्याय के लिए लगातार गुहार लगाते-लगाते थक चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मामले को लेकर जिला परिषद उपाध्यक्ष बबीता देवी ने आगे आकर खुलकर आवाज उठाई है।

पुलिस पर लापरवाही और दबाव बनाने के आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बबीता देवी ने बोकारो पुलिस पर लापरवाही और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस पुष्पा की तलाश में सक्रियता दिखाने के बजाय पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने में अधिक रुचि ले रही है। साथ ही उन्होंने प्रशासन पर अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ने का आरोप भी लगाया। इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

हाईकोर्ट सख्त, पुलिस पर उत्पीड़न के आरोप
मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड हाईकोर्ट ने पहले बोकारो के एसपी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया था। वहीं हाल ही में डीजीपी तदाशा मिश्रा को वर्चुअल माध्यम से जवाब देने को कहा गया है। पीड़िता की मां रेखा देवी ने पुलिस पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए बताया कि 3 अप्रैल को उनके एक रिश्तेदार को जांच के नाम पर थाने बुलाकर बेरहमी से पीटा गया। परिवार का आरोप है कि पुलिस निष्पक्ष जांच के बजाय उन्हें डराने और मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।