द फॉलोअप डेस्क, रांची:
14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही सीआईडी की टीम ने पोड़ैयाहाट के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि अभय को मंगलवार की देर रात ही हिरासत में लिया गया था, लेकिन इसकी आधिकारिक जानकारी अभी दी गई है। बताया जाता है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाली कंपनी टीडीपीएल का मार्केटिंग मैनेजर रहते हुए अभय कुमार तिवारी ने जेपीएससी और जेएसएससी की कई परीक्षाओं में सफलता हासिल की थी। आरोप है कि अभय ने इन नौकरियों में सफलता फर्जीवाड़ा करके हासिल की। इस संबंध में नगड़ी के एसएस शर्मा ने स्थानीय थाने के अलावा ईडी और सीआईडी में शिकायत दर्ज कराई थी।
आरोप लगाया था कि आरोपी अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज संगठित परीक्षा माफिया के लिए काम करता था। अब, सीआईडी की टीम आरोपी अभय से पूछताछ में जुटी है।

पोड़ैयाहाट में किराए के मकान से हुई गिरफ्तारी
बताया जाता है कि सीआईडी की टीम ने अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज को पोड़ैयाहाट में बांझी रोड स्थित उसके किराए केम मकान से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के लिए अभय कुमार तिवारी को हिरासत में लिया गया। यह भी जानकारी मिली है कि छापेमारी के क्रम में अभय कुमार तिवारी के पास 5 लाख रुपये नकद मिले हैं। बताया जाता है कि पूछताछ में परीक्षा माफिया और फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य लोगों का नाम भी सामने आ सकता है।

जेपीएससी-जेएसएससी की कई परीक्षा पास की
गौरतलब है कि आरोपी अभय कुमार तिवारी पीजीटीटीसीई, जेएसएससी सीजीएल, एसटीएफ पीटी परीक्षा और एमआरओ पीटी परीक्षा के अलावा एसएफओ की लिखित परीक्षा पास कर चुका है। अभय पर आरोप है कि उसने इन सभी परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा करके सफलता पाई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीआईडी ने यह कार्रवाई की है।