logo

नाबालिग बच्ची मामले में BJP ने बंद किया हजारीबाग, आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सड़कों पर आक्रोश

dsbe.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग के विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत कुसुंबा में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म और निर्मम हत्या की घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य वारदात के विरोध में आज भाजपा द्वारा बुलाये गए हजारीबाग बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। लोग सड़कों पर उतरकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि यह घटना बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली है। उनका कहना है कि हजारीबाग में इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया है। न्याय की मांग को लेकर व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखी हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं इस घटना को लेकर महिलाओं में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और बंद को सफल बनाने में जुटे हैं। भाजपा नेत्री शेफाली गुप्ता ने कहा कि नाबालिग बच्ची के साथ हुई इस दरिंदगी ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला सुरक्षा के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
भाजपा सांसद मनीष जायसवाल ने भी प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो यह आंदोलन हजारीबाग से निकलकर पूरे झारखंड में फैल सकता है। उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ी जाएगी। दरअसल यह घटना इंसानियत को झकझोर देने वाली है। प्रशासन की कथित सुस्ती को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है, जिसका नतीजा आज हजारीबाग बंद के रूप में सामने आया है। आम नागरिकों से लेकर राजनीतिक दलों तक, सभी एकजुट होकर न्याय की मांग कर रहे हैं। लोगों का साफ कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।

Tags - Hazaribagh minor girl rape and murder BJP Hazaribagh bandh protest Arrest of accused in Hazaribagh child case Jharkhand minor girl crime news Justice for minor victim Hazaribagh Arrest demands in Hazaribagh rape case Minor girl murder political resp