द फॉलोअप, रांची
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर विधानसभा में बाबूलाल मरांडी ने मीडिया से बातचीत करते हुए JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को अनदेखा करना सही नहीं है। 20 अगस्त को छात्रों द्वारा मुख्यमंत्री आवास घेराव के ऐलान पर उन्होंने सरकार से हठधर्मिता छोड़कर छात्रों की बात सुनने की अपील की।
JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच की मांग करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ कब तक खिलवाड़ होता रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने परीक्षाओं में गड़बड़ी की है, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और दोषियों को जेल भेजा जाना चाहिए।

CM आवास घेराव को BJP का नैतिक समर्थन
बाबूलाल मरांडी ने यह भी कहा कि अगर किसी व्यक्ति ने पैसे देकर नौकरी हासिल की है, तो जांच के बाद उसकी सेवा भी समाप्त होनी चाहिए। वहीं, जो अभ्यर्थी वास्तव में मेरिट के आधार पर चयनित हुए हैं, उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि BJP छात्रों के मुख्यमंत्री आवास घेराव को नैतिक समर्थन देती है, लेकिन आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए। उन्होंने सरकार से जिद छोड़कर छात्रों और युवाओं की मांगों को धैर्यपूर्वक सुनने की अपील की।