द फॉलोअप डेस्क:
Jharkhand Assembly News: झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सदन में MMDR बिल को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से किए गए संशोधन का उद्देश्य देश के सभी राज्यों का समान रूप से विकास करना है। उन्होंने विपक्ष के इस आरोप को बेबुनियाद बताया कि केंद्र सरकार इस कानून के जरिए राज्यों का राजस्व छीन रही है। बाबूलाल मरांडी ने खनिज राजस्व, झारखंड खनिज धारित भूमि उपकर अधिनियम 2024, खदानों की नीलामी, बालू घाटों और DMFT फंड के इस्तेमाल को लेकर भी सरकार से सवाल किए।
संविधान दिवस और मुंबई हमले में मारे गए लोगों को दी श्रद्धांजलि
बाबूलाल मरांडी ने अपने संबोधन की शुरुआत संविधान दिवस की शुभकामनाओं के साथ की। उन्होंने कहा कि आज 26 नवंबर संविधान दिवस है। इस अवसर पर उन्होंने समस्त झारखंड वासियों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए बम ब्लास्ट को याद करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
MMDR बिल पर विपक्ष की भूमिका पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सदन में पुराने संकल्प को प्रस्तुत किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब MMDR बिल भारत की संसद में पारित हो रहा था, तब इस पर चर्चा क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि संसद में इस विधेयक पर अपनी बात रखने के बजाय वहां कार्यवाही नहीं चलने दी गई। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अगर विपक्ष को इस विधेयक से झारखंड पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर कोई आपत्ति थी, तो उसे संसद में ही अपनी बात रखनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि संसद में चर्चा करने के बजाय अब सदन में इस मुद्दे पर राजनीति की जा रही है। उनके अनुसार, अगर संसद में इस विषय पर चर्चा की गई होती, तो राज्य सरकार को विधानसभा में इस तरह का संकल्प लाने की जरूरत नहीं पड़ती।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा देश के सभी राज्यों का समान विकास
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि MMDR एक्ट आज का नहीं, बल्कि काफी पुराना कानून है। केंद्र सरकार ने इसमें केवल थोड़ा संशोधन किया है। उन्होंने बताया कि 9D के अंतर्गत खनिज अधिकारों और खनिज युक्त भूमि पर कोई भी नया कर या उपकर केंद्र द्वारा निर्धारित सीमा और शर्तों के भीतर ही लगाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि देश के सभी राज्य समान रूप से प्रगति करें। राज्यों में उद्योग-धंधे लगें और रोजगार के अवसर पैदा हों। अगर किसी प्रदेश में खनिज की कीमत ज्यादा होगी और किसी दूसरे प्रदेश में कम, तो स्वाभाविक रूप से उद्योग कम कीमत वाले प्रदेशों में जाएंगे। इससे राज्यों के विकास पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य के साथ झारखंड को भी विकसित झारखंड बनाना जरूरी है।
राज्यों का राजस्व छीनने का आरोप बेबुनियाद : बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष ने विपक्ष के उस आरोप को बेबुनियाद बताया कि केंद्र सरकार राज्यों का राजस्व छीन रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री कई अवसरों पर स्पष्ट कर चुके हैं कि यह प्रावधान केवल प्रमुख खनिजों पर लागू किया गया है। लघु खनिज यानी माइनर मिनरल पर यह कानून लागू नहीं होगा। उन्होंने केंद्र और राज्यों के बीच राजस्व बंटवारे का आंकड़ा रखते हुए कहा कि 2014-15 से पहले राज्यों को कर का मात्र 60.24% हिस्सा मिलता था, जबकि केंद्र सरकार अपने पास 39.76% रखती थी। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद इसमें बदलाव हुआ। अब राज्यों को 88.53% राजस्व मिलता है, जबकि केंद्र सरकार अपने पास मात्र 11.47% रखती है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि केंद्र सरकार राज्यों के साथ भेदभाव नहीं कर रही है।
खनिज राजस्व में 354% की वृद्धि का दिया आंकड़ा
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पिछले एक दशक में खनिज राजस्व में 354% की वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि 2014-15 में खनिज से राज्यों को 25,206 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था, जबकि 2025-26 में यह बढ़कर 1,14,549 करोड़ रुपये हो गया। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े बताते हैं कि केंद्र सरकार राज्यों को राजस्व में उनका हिस्सा दे रही है।
13 हजार करोड़ रुपये के नुकसान के दावे पर उठाए सवाल
बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार के उस दावे पर सवाल उठाया, जिसमें MMDR बिल के कारण हर साल 13,000 करोड़ रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस दावे की पड़ताल सरकारी दस्तावेजों और आंकड़ों के आधार पर की है। उन्होंने बताया कि 15 अक्टूबर 2024 को राज्य सरकार ने झारखंड खनिज धारित भूमि उपकर अधिनियम 2024 लागू किया था। इसके तहत पहले लगाए जा रहे ₹100 प्रति टन के उपकर को बढ़ाकर कोयला पर ₹450 प्रति टन, आयरन ओर पर ₹600 प्रति टन, बॉक्साइट पर ₹180 प्रति टन और लाइमस्टोन पर ₹100 प्रति टन कर दिया गया। उन्होंने सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2024-25 में झारखंड को खनिज से 11,884.14 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ और अतिरिक्त उपकर से 1,379.29 करोड़ रुपये मिले। इस तरह कुल राजस्व 13,363.43 करोड़ रुपये रहा।बाबूलाल मरांडी ने बताया कि 2025-26 में खनिज से 11,358.68 करोड़ रुपये का राजस्व मिला, जबकि अतिरिक्त उपकर से 7,487.92 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। दोनों को मिलाकर कुल राशि 18,846.60 करोड़ रुपये रही। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य सरकार को अतिरिक्त उपकर से इतनी बड़ी राशि मिल रही है, तो हर साल 13,000 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा किस आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के अक्टूबर तक के आंकड़े भी सदन में रखे। उनके अनुसार, इस अवधि में झारखंड सरकार को खनिज से 7,845.45 करोड़ रुपये और उपकर से 7,122.64 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के सामने वास्तविक आंकड़े रखने चाहिए।