रांची
भू-सम्पदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा), बिहार के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने झारखण्ड में कार्यरत बिल्डरों से आग्रह किया है कि वे बिहार के रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश करें और राज्य में हो रहे त्वरित विकास का लाभ उठाकर आम लोगों की आवासीय आवश्यकताओं की पूर्ति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें. विवेक कुमार सिंह रेरा बिहार द्वारा रांची में आयोजित ‘रेरा बिहार से रूबरू’ कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे. इस कार्यक्रम का उद्देश्य बिहार के रियल एस्टेट क्षेत्र में ‘ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस’ से निवेशकों को अवगत कराना था, ताकि वे राज्य में आकर कार्य करें. साथ ही, बिहार में घर अथवा प्लॉट खरीदने के इच्छुक व्यक्तियों के हितों की रक्षा हेतु रेरा बिहार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी भी दी गई.
ऐसे कार्यक्रम उन स्थानों पर आयोजित किए जाते हैं, जहां बिहार के रहने वाले घर खरीदार और प्रमोटर बड़ी संख्या में मौजूद होते हैं. आज के कार्यक्रम में झारखण्ड के विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, झारखण्ड रेरा के अध्यक्ष बिरेन्द्र भूषण, झारखण्ड में कार्यरत बिल्डर्स तथा बिहार में घर खरीदने के इच्छुक लोगों ने भाग लिया. रेरा बिहार के अध्यक्ष ने बताया कि प्राधिकरण ने एक फ़िल्टर व्यवस्था लागू की है, जिससे परियोजना के निबंधन के लिए आवेदन करते समय किसी प्रकार की कठिनाई न हो और प्रक्रिया को आसानी से पूरा किया जा सके. उन्होंने कहा कि यदि कोई प्रमोटर सभी आवश्यक दस्तावेज सही ढंग से जमा करता है, तो प्राधिकरण निबंधन प्रदान करने में उदार रुख अपनाता है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रेरा बिहार घर खरीदारों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार के अन्याय के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई करता है.
रेरा बिहार द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए विकास आयुक्त अजय सिंह ने कहा कि झारखण्ड रेरा को भी इस प्रकार के प्रयास करने चाहिए, ताकि घर खरीदारों के हितों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. रेरा झारखण्ड के अध्यक्ष बिरेन्द्र भूषण ने कहा कि रेरा बिहार के कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना होती है. उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्यक्रम से उन्हें कई महत्वपूर्ण बातें सीखने को मिली हैं, जिन्हें झारखण्ड में लागू करने का प्रयास किया जाएगा. रेरा बिहार के जांच आयुक्त संजय सिंह ने रेरा निबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि घर खरीदते समय इसकी जांच अवश्य करनी चाहिए.
रेरा बिहार के सचिव अनीमेष पाण्डेय ने प्रतिभागियों को कार्यक्रम के उद्देश्य से अवगत कराया, जबकि विशेष कार्य पदाधिकारी राजेश ठडानी ने धन्यवाद ज्ञापन किया. कार्यक्रम के दौरान जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रेरा बिहार द्वारा निर्मित दो लघु फिल्में भी प्रदर्शित की गईं. इस अवसर पर रेरा बिहार की एक टीम ने प्रस्तुति दी, जिसमें प्रमोटरों को बिहार के रियल एस्टेट क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई तथा उनके कार्य को सरल बनाने के लिए उठाए गए कदमों पर प्रकाश डाला गया. साथ ही, घर खरीदारों के हितों की रक्षा के लिए किए गए प्रयासों की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की गई. घर खरीदने वालों के लिए एक अलग प्रस्तुति दी गई, जिसमें उन्हें उन महत्वपूर्ण बिंदुओं के बारे में बताया गया, जिन पर किसी भी परियोजना में निवेश करने से पहले विचार करना आवश्यक है. कार्यक्रम के अंत में एक खुला सत्र आयोजित किया गया, जिसमें रेरा अधिनियम से संबंधित प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया.
