बिहार
बिहार विधान परिषद के उप उपचुनाव 2026 को लेकर रविवार की अहम बैठक भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र को लेकर आरा समाहरणालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया ने की। इस इसमें निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त सभी जोनल दंडाधिकारी, सुपर जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला पदाधिकारी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मतदान प्रक्रिया के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। साथ ही किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व सतत निगरानी के निर्देश
DM तनय सुल्तानिया ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए। उन्होंने कहा कि हर गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाए। साथ ही मतदान केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की दिशा सही रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि मतदान प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। मतदान केंद्र के भीतर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को भी कहा गया।

क्या सीधी तैनाती से चुनाव सुरक्षा बेहतर होगी?
बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी जोनल दंडाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि डिस्पैच के बाद सभी मतदान दल सीधे अपने निर्धारित केंद्रों पर पहुंचें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी दल रास्ते में कहीं न रुके। बैठक में उप विकास आयुक्त, भोजपुर; सभी सुपर जोनल दंडाधिकारी; अनुमंडल पदाधिकारी; जोनल दंडाधिकारी; और संबंधित पुलिस पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।