logo

गोड्डा के बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, मुख्य साजिशकर्ता समेत 7 गिरफ्तार

GODDA_JEWAR.jpg

गोड्डा
गोड्डा पुलिस ने 8 जुलाई को हुए बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा करने का दावा किया है। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल ने कार्रवाई करते हुए कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मामले का मुख्य साजिशकर्ता चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पुरन साह भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर लूटे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई। पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि मामले से जुड़े कुछ आरोपी दुमका के बासुकीनाथ इलाके में छिपे हैं।


बासुकीनाथ से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सूचना की पुष्टि के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश कुमार भरद्वाज के नेतृत्व में SIT ने 13 अगस्त को बासुकीनाथ में छापेमारी की। यहां से चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पुरन साह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड के अलावा जामताड़ा, बौंसी, नौनीहाट और तालझारी में हुई अन्य जेवर दुकानों की लूट में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इन घटनाओं के बीच कनेक्शन की जांच कर रही है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि लूटे गए जेवरों को कम कीमत पर अलग-अलग दुकानों में बेचकर खपाया जाता था।


लूट के जेवर खरीदने वालों पर भी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक बंगाल ज्वेलर्स से लूटे गए जेवर बौंसी निवासी कारू साह के जरिए बौंसी स्थित श्रवण ज्वेलर्स में बेचे गए थे। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग जगहों से सोना और चांदी बरामद की। बरामदगी के बाद पुलिस ने उन ज्वेलरी कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया, जिन पर लूटे गए जेवर खरीदने और उन्हें आगे बेचने में शामिल होने का आरोप है। श्रवण ज्वेलर्स से 28 ग्राम गलाया हुआ सोना और 3.05 किलोग्राम गलाया हुआ चांदी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, इसमें कुछ सामान बंगाल ज्वेलर्स और अन्य स्थानों की लूट से जुड़ा है।


लाखों के जेवर की जगह बरामद हुआ सोना-चांदी
पुलिस ने बताया कि अमन सर्राफ के पास से 114 ग्राम गलाया हुआ चांदी, उत्तम कुमार के पास से 10 ग्राम सोना, धनंजय गायकवाड़ उर्फ राजू के पास से 1.5 किलोग्राम चांदी और पवन कुमार के पास से 355 ग्राम चांदी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पुरन साह, कारू साह, शिवशंकर कुमार, धनंजय गायकवाड़ उर्फ राजू, पवन कुमार, उत्तम कुमार साह और अमन कुमार सर्राफ शामिल हैं। गोड्डा नगर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और पड़ोसी जिलों के साथ-साथ दूसरे राज्यों में हुई जेवर लूट की घटनाओं से इनके संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है। पुलिस ने कहा है कि लूट के बाद जेवर खपाने वाले नेटवर्क पर भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Tags - Bengal Jewellers Godda News Jharkhand Crime Robbery Case Police SIT