logo

झारखंड में सुबह 4 बजे तक खुल सकेंगे बार, उत्पाद विभाग तैयार कर रहा प्रस्ताव

BAAR.jpg

द फॉलोअप डेस्क
शराब प्रेमियों के लिए राहत भरी खबर है। झारखंड में आने वाले दिनों में बार देर रात, यहां तक कि सुबह 4 बजे तक खुले रह सकते हैं। इसे लेकर उत्पाद विभाग एक नया प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जिसे अगले वित्तीय वर्ष से लागू किए जाने की संभावना है। उत्पाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि फिलहाल बार संचालन की अनुमति रात 12 बजे तक ही है, लेकिन कई बार संचालक निर्धारित समय से अधिक देर तक बार खुले रखते हैं। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान होता है और कानून-व्यवस्था से जुड़ी परेशानियां भी सामने आती हैं। नई व्यवस्था के तहत रात 12 बजे के बाद बार खोलने के लिए अलग-अलग समय सीमा का लाइसेंस जारी किया जाएगा। एक बजे, दो बजे, तीन बजे और चार बजे तक संचालन के लिए अलग-अलग शुल्क तय होंगे। इससे बार संचालकों को कानूनी रूप से सुविधा मिलेगी और राज्य के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। उत्पाद मंत्री ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों पर जुर्माना लगाया जाएगा और गंभीर मामलों में बार का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।