logo

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रांची में ‘जल महोत्सव पखवाड़ा’ का शुभारंभ, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मान

woman01110.jpg

रांची
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को रांची जिला अंतर्गत हॉकी स्टेडियम सभागार में ‘जल महोत्सव पखवाड़ा’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। यह पखवाड़ा 8 मार्च से 22 मार्च 2026 तक जिले में विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाले प्रतिदिन के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी उपस्थित लोगों को दी। उन्होंने दोनों प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि अपने-अपने प्रमंडल से पांच-पांच ऐसी महिलाओं का चयन करें, जिन्होंने पखवाड़े के दौरान जल संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़ी उत्कृष्ट गतिविधियां की हों। चयनित महिलाओं को 22 मार्च 2026 को जिला एवं राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।


इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों से आए मुखिया एवं जलसहिया दीदियों ने अपने-अपने पंचायत और गांवों में जल संरक्षण तथा Jal Jeevan Mission के अंतर्गत किए गए सराहनीय कार्यों के अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान उपविकास आयुक्त द्वारा जल जीवन मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए एक मुखिया और चार जलसहिया दीदियों को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य उत्कृष्ट कार्य करने वाली जलसहिया दीदियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और महिलाओं की भूमिका को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर संबंधित विभाग के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जलसहिया दीदियां तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थीं।

Tags - Mission Participation Rural Programs Celebration