logo

निकाय चुनाव नजदीक आते ही गढ़वा के पियाह टोला में उबाल, सड़क की मांग को लेकर वोट बहिष्कार का ऐलान

ीदो्3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जैसे-जैसे निकाय चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक सरगर्मी तेज होती जा रही है। इसी बीच गढ़वा जिले के वार्ड संख्या 15 अंतर्गत अधौरा ग्राम स्थित पियाह टोला के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर मतदान बहिष्कार का निर्णय लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की चिंता बढ़ा दी है। पियाह टोला के सैकड़ों ग्रामीणों ने अपने टोले में भ्रमण करते हुए “सड़क नहीं तो वोट नहीं” के नारे लगाए। आक्रोशित ग्रामीणों ने टोला में प्रवेश करने वाले मुख्य मार्ग पर “रोड नहीं तो वोट नहीं” और “प्रत्याशी वादा कर काम नहीं करने” जैसे स्लोगन लिखे पोस्टर भी लगाए, जिससे पूरे इलाके में आंदोलन का माहौल बन गया है।


ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण को लेकर ठोस और स्पष्ट पहल नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने बताया कि पियाह टोला में लगभग 300 मतदाता हैं, जिनका सीधा असर नगर पंचायत चुनाव पर पड़ सकता है। ग्रामीणों के अनुसार टोला को जोड़ने वाली ग्रेड-1 और ग्रेड-2 सड़क का निर्माण कई वर्ष पूर्व कराया गया था, लेकिन वर्तमान में सड़क पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है। मरीजों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को रोजमर्रा की आवाजाही में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।


ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सहित वार्ड प्रत्याशी ने सड़क निर्माण का वादा किया था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद किसी ने भी इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि चार दिन पूर्व उन्होंने नगर पंचायत के प्रशासक को लिखित आवेदन देकर अपनी समस्या से अवगत कराया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों की नाराजगी और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो वे सामूहिक रूप से मतदान का बहिष्कार करेंगे। यह मामला अब नगर पंचायत चुनाव में एक बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है और प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के लिए गंभीर चुनौती के रूप में उभर रहा है।