जामताड़ा:
Jamtara News: जामताड़ा जिला मुख्यालय में उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर अप्रूवल कमिटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रायोजन (स्पॉन्सरशिप) योजना के तहत बच्चों को मिलने वाले लाभों की समीक्षा की गई। साथ ही नए लाभुकों के चयन और पहले से योजना का लाभ ले रहे बच्चों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने कुल 104 लाभुकों को योजना से जोड़ने की मंजूरी दी।

45 नए लाभुकों को मिलेगा योजना का लाभ
बैठक में अनुमोदित 104 लाभुकों में 45 नए लाभुक शामिल हैं। वहीं, 59 ऐसे लाभुक हैं, जो पहले एक वर्ष तक योजना का लाभ ले चुके हैं। उन्हें दूसरे वर्ष के लिए भी सहायता जारी रखने की मंजूरी दी गई है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि योजना का लाभ केवल वास्तविक और जरूरतमंद बच्चों तक ही पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी आवेदनों का नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

आवेदनों को लंबित नहीं रखने का निर्देश
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का क्रमवार निष्पादन किया जाए। किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक लंबित नहीं रखा जाए। उन्होंने प्रक्रियागत बाधाओं को दूर करते हुए जरूरतमंद बच्चों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से आम लोगों को इसके लाभों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया। बैठक में पहले से योजना का लाभ प्राप्त कर रहे बच्चों का नियमित फॉलोअप लेने का भी निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और पात्रता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि सहायता सही लाभुकों तक पहुंच सके।

सीएनसीपी से जुड़े आवेदनों का जल्द निष्पादन करें
इसके अलावा, उपायुक्त ने बाल कल्याण समिति को देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों (सीएनसीपी) को घोषित करने से संबंधित प्राप्त आवेदनों का क्रमवार निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित संचिकाओं को जल्द से जल्द जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू) कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि आगे की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके और जरूरतमंद बच्चों को शीघ्र सहायता मिल सके।