logo

अनूप सिंह तीसरी बार बने इंडियन नेशनल माइन वर्कर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष

अनूप सिंह तीसरी बार बने इंडियन नेशनल माइन वर्कर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष

बोकारो:

इंडियन नेशनल माइन वर्कर्स फेडरेशन (इंटक) के 33वें राष्ट्रीय अधिवेशन में झारखंड के नेताओं का संगठन में दबदबा कायम रहा। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के बांधवगढ़ में आयोजित अधिवेशन में झारखंड के विधायक और JBCCI सदस्य जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह को लगातार तीसरी बार फेडरेशन का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। वहीं, एके झा, ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह और वीरेंद्र प्रसाद अंबष्ठ समेत झारखंड के कई नेताओं को वरीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

उद्योगों के विकास के साथ श्रमिक हित जरूरी
अधिवेशन के समापन सत्र में संगठन की नई नेतृत्व व्यवस्था को लेकर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। इसमें देशभर से पहुंचे श्रमिक प्रतिनिधियों ने कोयला उद्योग की मौजूदा स्थिति, श्रमिकों के अधिकार, रोजगार की सुरक्षा और लंबित वेतन समझौते जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि देश की ऊर्जा जरूरतों में कोयले की अहम भूमिका है। ऐसे में उद्योग के विकास के साथ श्रमिकों के हितों और उनके भविष्य की सुरक्षा पर भी समान रूप से ध्यान देना जरूरी है।

अनूप सिंह ने प्रमुख पदाधिकारियों की घोषणा की
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद अनूप सिंह ने फेडरेशन के प्रमुख पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड से जुड़े एसके जामा को सेक्रेटरी जनरल बनाया गया है। केएस सक्शावत और सौभाग्य प्रधान को महासचिव, जबकि संतोष महतो को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वरीय उपाध्यक्ष के पद पर सोहन बालमिकी, ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह, वीरेंद्र प्रसाद अंबष्ठ, एके झा, ओपी मालवीय और केके सिंह समेत अन्य नेताओं को शामिल किया गया है। वहीं, अनूपमा सिंह, मिथिलेश प्रसाद, श्यामल सरकार और कुमार महेश सिंह सहित कई नेताओं को उपाध्यक्ष बनाया गया है।

युवा श्रमिक प्रतिनिधियों को भी मिलेगी जगह
नई राष्ट्रीय कमेटी में संगठन के अनुभवी नेताओं के साथ युवा श्रमिक प्रतिनिधियों को भी स्थान देने की तैयारी है। फेडरेशन का उद्देश्य पुराने नेताओं के अनुभव और नई पीढ़ी के उत्साह के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। संगठन से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं के निधन के कारण भी कमेटी में कुछ पद रिक्त हुए हैं। इनमें पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक, गिरिजाशंकर पांडेय, एनपी सिंह बल्लू, एमडी विश्वकर्मा और महेंद्र विश्वकर्मा शामिल हैं। नई कमेटी में रिक्त पदों को भरने के साथ विभिन्न कोयला कंपनियों और क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विचार किया जा रहा है।

लंबित वेतन संबंधी मुद्दों पर गंभीरता से होगी बात
राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह ने कहा कि कोयला श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा, सुविधाओं में बढ़ोतरी और रोजगार की सुरक्षा फेडरेशन की प्राथमिकता है। लंबित वेतन समझौते से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से उठाया जाएगा। श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, कार्य परिस्थितियों में सुधार और अन्य लंबित मांगों को लेकर प्रबंधन एवं सरकार के समक्ष मजबूती से पक्ष रखा जाएगा।

अधिवेशन में देश के विभिन्न कोयला क्षेत्रों से पदाधिकारी और श्रमिक प्रतिनिधि शामिल हुए। इसमें महिला श्रमिक नेताओं की भी भागीदारी रही। फेडरेशन की राष्ट्रीय कमेटी की पूरी सूची जनवरी में जारी की जाएगी। इसके बाद संगठन की आगामी गतिविधियों और कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Tags - Jharkhand NewsAnup SinghIndian National Mine Worker's FederationBokaro