द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में नगर निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच अदित्यपुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। वार्ड नंबर 9 की पार्षद प्रत्याशी राखी मार्डी कथित तौर पर अपनी बेटी के साथ अपने प्रेमी के संग फरार हो गई हैं। राखी मार्डी के पति राकेश मार्डी ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। राकेश का कहना है कि उनकी पत्नी ने नामांकन दाखिल करने के बाद जोर-शोर से चुनाव प्रचार शुरू कर दिया था। इसी दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि प्रेमचंद मार्डी नामक व्यक्ति ने उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर कहीं ले जाकर फरार कर दिया। राकेश मार्डी अपने परिजनों के साथ डीसी कार्यालय पहुंचे और उन्होंने लिखित शिकायत दर्ज करवाई। इसके साथ ही वे संबंधित थाने में प्रेमचंद मार्डी के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया में भी हैं।
परिजनों का कहना है कि चुनाव के महत्वपूर्ण समय में इस तरह की घटना से वे गहरे सदमे में हैं। वार्ड 9 के मतदाताओं में भी इस घटना को लेकर खासा आक्रोश और निराशा देखी जा रही है। स्थानीय लोग बता रहे हैं कि जनता जिसे अपना प्रतिनिधि चुनने की तैयारी कर रही थी, उसके इस व्यवहार से क्षेत्र की छवि प्रभावित हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
