द फॉलोअप डेस्क
अबुआ अधिकार मंच के संस्थापक सदस्य वेदांत कौस्तव एवं किसलय ने आज भारत सरकार के केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान झारखंड में पर्यावरण से जुड़े गंभीर और ज्वलंत विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में झारखंड में पर्यावरण संरक्षण की वर्तमान स्थिति, भविष्य की रणनीतियों, सतत विकास की दिशा तथा कोयला मंत्रालय के अधीन उपक्रमों की आने वाले समय में संभावित भूमिका पर गंभीरता से चर्चा हुई। संवाद का मुख्य फोकस पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, हरित पहलों को बढ़ावा देने, सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन और स्थानीय समुदायों के हितों की रक्षा पर रहा।

अबुआ अधिकार मंच के प्रतिनिधियों ने झारखंड में खनन एवं औद्योगिक गतिविधियों के कारण उत्पन्न पर्यावरणीय चुनौतियों की ओर मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया और जनहित में दीर्घकालिक, व्यावहारिक एवं प्रभावी नीतियों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन स्थापित करना समय की मांग है। केंद्रीय कोयला मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार सतत विकास के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।