logo

लातेहार में जंगली हाथियों के हमले में युवक की मौत, आलू खेत में पानी पटा रहा था

पोूपग1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के भैंसादोन गांव में रविवार रात जंगली हाथियों के झुंड के हमले में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बालूमाथ निवासी प्रमुख लोहरा के पुत्र आर्यन लोहरा के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार, आर्यन अपने आलू के खेत में पानी का पटवन कर रहा था, तभी चार हाथियों का झुंड खेत की ओर आया और अचानक उस पर हमला कर दिया। हाथियों ने उसे पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, इसलिए उसे बचाया नहीं जा सका। इस घटना के बाद भैंसादोन और आसपास के गांवों में शोक और डर की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में समय-समय पर हाथियों की आवाजाही होती रहती है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेंजर नंदकुमार महतो ने बताया कि झुंड से बिछड़े एक हाथी के हमले में युवक की मौत हुई है। वन विभाग ने परिजनों को तत्काल 40 हजार रुपये का मुआवजा दिया है, जबकि शेष राशि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दी जाएगी। रेंजर महतो ने लोगों से रात में अकेले बाहर न निकलने की चेतावनी दी है, क्योंकि क्षेत्र में हाथियों का लगातार विचरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों से सुरक्षित रहने के उपायों के बारे में लगातार जागरूक किया जा रहा है, लेकिन कई ग्रामीण अब भी सावधान नहीं हैं।