द फॉलोअप डेस्क
रामनवमी के पावन अवसर से पूर्व मंगलवार को झारखंड के गढ़वा जिले में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे शहर में भगवा रंग की छटा बिखरी, जब विभिन्न अखाड़ा समितियों द्वारा भव्य मंगला शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान रामभक्तों का उत्साह चरम पर रहा; कहीं नरसिंह अवतार तो कहीं कांतारा अवतार की झलक प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं जुलूस में महिला आकर्षण का केंद्र रहीं, जो रानी लक्ष्मीबाई के रूप में गेटअप कर “जय श्रीराम” के नारे के साथ थिरक रही थीं।
मंगल जुलूस की शोभा यात्रा की शुरुआत शहर के काली मंदिर से हुई, जो विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए रंका मोड़ तक पहुंची। यहां अलग-अलग अखाड़ा समितियों द्वारा आकर्षक और मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। श्री महावीर मंडल गढ़वा के तत्वावधान में दक्षिण भारत से आए कलाकारों ने कांतारा फिल्म का अद्भुत प्रदर्शन कर लोगों का दिल जीत लिया। इस बार की शोभा यात्रा में नारी शक्ति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। श्री महावीर मंडल की महिला अध्यक्ष विनीता आनंद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं लाल साड़ी पहनकर एक समान वेशभूषा में शामिल हुईं। भगवान राम के भजनों पर थिरकती महिलाओं की टोली ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा और “जय श्रीराम” के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। श्री महावीर मंडल के संस्थापक अध्यक्ष कंचन कुमार साहू ने बताया कि इस वर्ष शोभा यात्रा में महिलाओं की भागीदारी पहले से कहीं अधिक रही है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उन्होंने कहा कि गढ़वा में भविष्य में रामनवमी का आयोजन और भी भव्य होगा, जो हजारीबाग जैसे बड़े आयोजनों को भी टक्कर देगा।
वहीं दूसरी ओर, श्री राम सेवा संपूर्ण अखाड़ा समिति द्वारा भी भव्य मंगला जुलूस निकाला गया। इस जुलूस में महाराष्ट्र से बुलाए गए ढोल-नगाड़ों के साथ भगवान नरसिंह अवतार के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी, जिससे श्रद्धालु झूम उठे। शोभा यात्रा काली मंदिर से निकलकर रंका मोड़, गढ़देवी मोड़, मझिआव मोड़ होते हुए रमा मंदिर परिसर में संपन्न हुई। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। रामनवमी से पहले इस भव्य आयोजन ने गढ़वा को पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंग दिया और यह साबित कर दिया कि यहां की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत कितनी समृद्ध और जीवंत है। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष एवं नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी ने कहा कि यह सनातन की झलकियां हैं, जो आज आस्था के रूप में सड़कों पर उमड़ीं और पूरे शहर को राममय बना दिया।
.jpeg)