logo

जमशेदपुर में कुएं में गिरने से पांच साल के बच्चे की मौत, खेलने निकला था फिर नहीं लौटा

पगीो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटा गोविंदपुर पंचायत भवन, बजरंगनगर के समीप रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मासूम शिवम कैवर्तो की जान चली गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार शिवम रविवार शाम करीब पांच बजे अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए घर से निकला था। शाम छह बजे के बाद उसके सभी दोस्त अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन शिवम घर नहीं पहुंचा। काफी देर तक बच्चे के वापस नहीं आने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। पिता शिवनाथ कैवर्तो ने पहले आसपास खुद खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

तलाश के दौरान पंचायत भवन के पास स्थित एक कुएं के पास शिवम की चप्पल पड़ी मिली, जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई। बताया जा रहा है कि उक्त कुआं करीब 30 फीट गहरा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रेस्क्यू के लिए टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मी मजरुल बारी से सहयोग लिया। रस्सी के सहारे कुएं में उतरकर तलाशी अभियान चलाया गया। करीब रात साढ़े नौ बजे कुएं से शिवम का शव बाहर निकाला गया। जैसे ही शव बाहर आया, मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। घटना के बाद छोटा गोविंदपुर और बजरंगनगर क्षेत्र में मातम का माहौल है। मासूम की असमय मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला खेलते समय कुएं में गिरने का प्रतीत होता है। काफी देर की खोजबीन के बाद रात में शव बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।