logo

धनबाद में JMM का 54वां स्थापना दिवस, सीएम हेमंत सोरेन हुए शामिल; मंच से उठी दिशोम गुरु को भारत रत्न देने की मांग

धनबाद में JMM का 54वां स्थापना दिवस, सीएम हेमंत सोरेन हुए शामिल; मंच से उठी दिशोम गुरु को भारत रत्न देने की मांग

धनबाद

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बुधवार को धनबाद में अपना 54वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया। 4 फरवरी 1973 को धनबाद में स्थापित झामुमो के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए।
रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में आयोजित इस भव्य समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। रांची से धनबाद पहुंचने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का हवाईपट्टी पर जोरदार स्वागत किया गया। उनके साथ मंत्री हफीजुल हसन भी मौजूद थे। इस मौके पर धनबाद के मेयर प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल भी समर्थकों के साथ स्वागत के लिए पहुंचे।


स्थापना दिवस समारोह के दौरान मंच पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री हफीजुल हसन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक और टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग दोहराई।
मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि यह पहला अवसर है जब झामुमो का स्थापना दिवस दिशोम गुरु की गैरमौजूदगी में मनाया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि गुरुजी को भारत रत्न दिलाने के लिए धनबाद से लेकर विधानसभा और केंद्र सरकार तक आंदोलन किया जाएगा। स्थापना दिवस समारोह को पार्टी एकजुटता और आगामी राजनीतिक संघर्षों के संकल्प के रूप में देखा जा रहा है।


 

Tags - Hemant soren Hemant soren News Hemant soren।atest News Hemant soren News Update