logo

सिल्ली में शुरू हुआ गूंज महोत्सव, सेवा और संस्कृति के रंग में सम्मान का उत्सव

silli3.jpg

रांची

झारखंड आंदोलनकारी स्वर्गीय विनोद बिहारी महतो की पुण्यतिथि पर आयोजित तीन दिवसीय गूंज सेवा, सम्मान सह सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को सिल्ली स्टेडियम में हुआ। पूर्व उप मुख्यमंत्री सह आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो ने विनोद बिहारी महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर महोत्सव की शुरुआत की। इस अवसर पर झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सुदेश महतो ने कहा कि गूंज महोत्सव सेवा, सम्मान और संस्कृति का संगम है। यह आयोजन विनोद बाबू के सपनों के झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और सामाजिक पुनर्जागरण की दिशा में एक मजबूत संदेश देता है। गूंज महोत्सव के माध्यम से झारखंड की लोक कला को नया आयाम मिलता है, वहीं युवाओं, महिलाशक्ति और किसानों के बीच से आई प्रतिभाओं को सम्मानित करने का अवसर भी मिलता है।
प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि विनोद बिहारी महतो ने झारखंड आंदोलन को दिशा दी थी। उनकी स्मृति में आयोजित गूंज महोत्सव राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संजोने की एक ऐतिहासिक पहल है। सुदेश महतो के नेतृत्व में इस महोत्सव की पहचान अब राष्ट्रीय स्तर पर बन चुकी है।
20 दिसंबर को प्रतिमा का लोकार्पण
20 दिसंबर को सोनाहातु में राज्यपाल संतोष गंगवार विनोद बिहारी महतो की 9 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विद्युत वरण महतो सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव का पहला दिन सिल्ली, दूसरा दिन जोन्हा और अंतिम दिन सोनाहातु में आयोजित होगा।
सेवा शिविर और जनकल्याण कार्यक्रम
महोत्सव के प्रथम दिवस सिल्ली स्टेडियम में निःशुल्क आई कैंप, स्वास्थ्य शिविर, असहायों के बीच कंबल वितरण और गरीबों को भोजन जैसे सेवा कार्य किए गए। सुदेश महतो और प्रवीण प्रभाकर ने सेवा शिविरों का निरीक्षण किया।
सेवा शिविरों में 545 असहायों के बीच कंबल वितरित किए गए। मोतियाबिंद के 128 लोगों की जांच की गई, जिनमें 17 को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। स्वास्थ्य शिविर में 155 मरीजों की जांच कर निःशुल्क दवाइयां दी गईं। महोत्सव में जिप उपाध्यक्ष वीणा चौधरी, प्रमुख जीतेंद्र बड़ाईक, जिप सदस्य संजय महतो, आरती देवी, गौतम साहु सहित कई जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।

Tags - Goonj Festival Vinod Bihari Mahto Cultural Event Social Service Jharkhand Movement