logo

14वीं JPSC घोटाला : अभ्यर्थियों से मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र लिए, ब्लैंक चेक पर लिया था साइन

अभ्यर्थियों से मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र लिए, ब्लैंक चेक पर लिया था साइन

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
14वीं JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही CID ने मामले में दूसरी चार्जशीट विशेष अदालत में दाखिल कर दी है। इस बार जांच एजेंसी ने बुद्धेश्वर भगत, रमेश कुमार समेत कुल 10 आरोपियों को चार्जशीट में शामिल किया है। इन सभी की गिरफ्तारी अगस्त महीने में हुई थी। वहीं, मामले के शेष 12 आरोपियों के खिलाफ दिसंबर में अगली चार्जशीट दाखिल किए जाने की संभावना है। इस मामले में अब तक जांच एजेंसी 34 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें तत्कालीन जेपीएससी अध्यक्ष एल ख्यांग्ते समेत 12 आरोपियों के खिलाफ पहले ही चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।

20 लाख रुपये में परीक्षा पास कराने का सौदा

CID की जांच में अभ्यर्थियों से पैसे वसूलने, बिचौलियों के नेटवर्क और बैंक खातों के जरिए किए गए संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के कई पहलुओं की पड़ताल की गई है। जांच एजेंसी को ऐसे संकेत मिले हैं कि परीक्षा में सफलता दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से नकद के अलावा RTGS, UPI और हवाला के माध्यम से भी रकम ली गई थी। परीक्षा पास कराने के लिए 20-20 लाख रुपये तक में सौदा किए जाने का मामला भी जांच के दायरे में है। एजेंसी परीक्षा आयोजित कराने वाली संस्था, आयोग के अधिकारियों और बिचौलियों के बीच कथित आर्थिक सांठगांठ की भी जांच कर रही है।

बैंक खातों और कॉल डिटेल से जोड़ी गई कड़ियां

जांच के दौरान आरोपियों के बैंक खातों और मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिपोर्ट (CDR) का विश्लेषण किया गया है। इसके आधार पर संदिग्ध लेनदेन और आरोपियों के बीच संपर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया गया। CID यह पता लगाने में जुटी है कि अभ्यर्थियों से वसूली गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किसकी क्या भूमिका थी। आर्थिक लेनदेन के साथ परीक्षा एजेंसी और आयोग से जुड़े लोगों के कथित संपर्कों को भी जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अगस्त में गिरफ्तार 10 आरोपियों के खिलाफ दाखिल हुई चार्जशीट

दूसरी पूरक चार्जशीट में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी अगस्त में अलग-अलग तारीखों पर हुई थी। इनमें बुद्धेश्वर भगत, रमेश कुमार और उमेश कुमार को 5 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। उमाकांत उरांव, मनोज कुमार, धर्मेंद्र कुमार, रक्षक सिंह और रौशन केरकेट्टा की गिरफ्तारी 6 अगस्त को हुई थी। इसके अलावा अरुण कुमार को 13 अगस्त और ब्रज कुमार राम को 17 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। इन सभी 10 आरोपियों को अब दूसरी पूरक चार्जशीट में शामिल किया गया है। शेष 12 आरोपियों के खिलाफ दिसंबर में चार्जशीट दाखिल होने की संभावना है।

Tags - JPSC Scam Jharkhand CID Exam Fraud Jharkhand News Recruitment Scam