logo

जिस फ्लाईओवर के विरोध में गीताश्री उरांव गिरफ्तार हुईं, हेमंत ने उसका नाम उन्हीं के पिता कार्तिक उरांव के नाम पर रख दिया

fover0000001.jpg

Zeb Akhtar

रांची के सिरमटोली फ्लाईओवर को लेकर एक दिलचस्प राजनीतिक मोड़ सामने आया है। जिस फ्लाईओवर के रैंप के विरोध में झारखंड बंद के दौरान 4 जून को पूर्व मंत्री गीताश्री उरांव को गिरफ्तार किया गया था, अब उसी फ्लाईओवर का नाम उनके पिता और वरिष्ठ आदिवासी नेता कार्तिक उरांव के नाम पर रख दिया गया है। 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यह घोषणा करते हुए कहा कि “इस तरह हम अपने पूर्वजों को सम्मान देने जा रहे हैं।” इस फैसले को लेकर राजनीतिक गलियारों में जोरदार चर्चा है। विश्लेषक मानते हैं कि हेमंत सोरेन ने एक तीर से दो शिकार किए हैं — एक ओर आदिवासी विरासत को सम्मान दिया, दूसरी ओर हालिया विरोध को राजनीतिक सूझबूझ से जवाब भी दे दिया।


गौरतलब है कि कांग्रेस की नीतियों से नाराज होकर वर्ष 2022 के जनवरी महीने में कांग्रेस छोड़ने वाली राज्य की पूर्व शिक्षामंत्री गीताश्री उरांव ने अक्तूबर 2023 में फिर से कांग्रेस का दामन थाम लिया था। करीब दो वर्ष पार्टी से अलग रहकर आदिवासी संगठन के माध्यम से जनजातीय मुद्दों को उठाती रहीं गीताश्री उरांव की घर वापसी 'आ अब लौट चले' कार्यक्रम के तहत हुई थी।
बहरहाल, मुख्यमंत्री रांची के डोरंडा स्थित वन भवन परिसर में आयोजित पर्यावरण दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और पौधा वितरण की नई परंपरा की शुरुआत पर जोर देते हुए कहा, “अब गुलदस्तों की जगह पौधे भेंट किए जाएं।” उन्होंने कहा, “झारखंड की पहचान उसकी हरियाली, नदियों और पहाड़ों से है। हम पारंपरिक रूप से पर्यावरण से जुड़े रहे हैं, लेकिन बदलते समय में इसकी रक्षा करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।”


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News