रांची:
Ranchi News: चक्रवाती तूफान की आशंका को देखते हुए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने अलर्ट जारी किया है। तूफान के दौरान बिजली व्यवस्था को होने वाले संभावित नुकसान से निपटने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारी की गई है। बिजली से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभाग ने हेल्पलाइन और संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। वहीं, मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

बिजली से जुड़ी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
बिजली विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, कुसई कॉलोनी में 24 घंटे बिजली कटौती से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए गए हैं। उपभोक्ता बिजली आपूर्ति बाधित होने या अन्य समस्याओं की शिकायत के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 9431135682 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जन समस्या निवारण केंद्र के लिए 9031110118, 9031110119 और 9031110120 नंबर जारी किए गए हैं। उपभोक्ता इन नंबरों पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
बिजली अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी
बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए JBVNL ने रांची के विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। उपभोक्ता अपनी समस्या के अनुसार संबंधित अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। विद्युत अधीक्षण अभियंता, विद्युत आपूर्ति अंचल, रांची का संपर्क नंबर 9431135662 है। वहीं, विद्युत कार्यपालक अभियंता, रांची (केंद्रीय) के लिए 9431135613, डोरंडा के लिए 9431135608, रांची (पूर्वी) के लिए 9431135614, रांची (पश्चिमी) के लिए 9431135664, कोकर के लिए 9431135615 और न्यू कैपिटल के लिए 9431135620 नंबर जारी किया गया है।
DC ने अधिकारियों को सतर्क रहने का दिया निर्देश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से निचले इलाकों में जलजमाव, नदियों और बड़े नालों का जलस्तर बढ़ने तथा कमजोर मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। इसे ध्यान में रखते हुए जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी संबंधित विभागों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। आपदा प्रबंधन, नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, राजस्व और जल संसाधन विभाग को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतें।