logo

भारत-वेस्टइंडीज मैच की फ्री टिकट चाहिए? रुक जाइए, साइबर ठग बिछा रहे ठगी का जाल

भारत-वेस्टइंडीज मैच की फ्री टिकट चाहिए? रुक जाइए, साइबर ठग बिछा रहे ठगी का जाल

रांची: 
रांची में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले क्रिकेट मुकाबलों को लेकर प्रशंसकों में टिकटों की मांग बढ़ गई है। इसी का फायदा उठाकर साइबर ठग सोशल मीडिया पर फर्जी टिकट ऑफर के जरिए लोगों को अपना शिकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। क्रिकेट प्रेमियों को ऐसी ठगी से बचाने के लिए इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।

फर्जी सोशल मीडिया पेज और विज्ञापनों से ठगी
इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधी फर्जी इंस्टाग्राम पेज और सोशल मीडिया विज्ञापनों के जरिए सस्ते या आसानी से उपलब्ध टिकट का लालच दे रहे हैं। आकर्षक टिकट ऑफर वाले पोस्ट और विज्ञापन प्रसारित किए जा रहे हैं। इन पोस्ट में दिए गए लिंक या संपर्क माध्यम के जरिए लोगों को टिकट बुक करने के लिए कहा जाता है। भुगतान करने के बाद न तो टिकट मिलता है और न ही ठगों से संपर्क हो पाता है।

कम कीमत वाले टिकट ऑफर से रहें सावधान
साइबर सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने क्रिकेट प्रशंसकों से ऐसे फर्जी ऑफर से सावधान रहने की अपील की है। किसी अनजान इंस्टाग्राम पेज, सोशल मीडिया विज्ञापन या संदिग्ध लिंक के जरिए टिकट खरीदने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच करने की सलाह दी गई है। खासकर कम कीमत में टिकट उपलब्ध कराने या तत्काल टिकट दिलाने का दावा करने वाले ऑफर से सावधान रहने की जरूरत है।

9 अक्टूबर को रांची में भारत-वेस्टइंडीज मुकाबला
क्रिकेट प्रेमियों के लिए राजधानी रांची में एक बार फिर बड़ा मुकाबला होने जा रहा है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 9 अक्टूबर 2026 को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। मुकाबले को लेकर शहर के क्रिकेट प्रशंसकों में अभी से उत्साह है। मैच के टिकट ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

टिकट बिक्री शुरू होते ही सक्रिय हो सकते हैं ठग
टिकटों की बिक्री शुरू होने के साथ ही बड़ी संख्या में लोग टिकट खरीदने की कोशिश करेंगे। इसी दौरान साइबर ठग भी सक्रिय हो सकते हैं। फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया पोस्ट, व्हाट्सऐप लिंक या ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर पैसे ऐंठने की कोशिश की जा सकती है। ऐसे में टिकट खरीदते समय आधिकारिक माध्यम का ही इस्तेमाल करने और किसी अनजान व्यक्ति या पेज को भुगतान करने से बचने की सलाह दी गई है।

रांची में पहले भी टिकट के नाम पर हो चुकी है ठगी
रांची में इससे पहले भी इंटरनेशनल क्रिकेट मैच के दौरान टिकट के नाम पर ठगी का मामला सामने आ चुका है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच रांची में हुए मुकाबले के दौरान साइबर अपराधियों ने क्रिकेट मैच के टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देकर कई लोगों को निशाना बनाया था। लोगों से ऑनलाइन भुगतान कराया गया, लेकिन भुगतान के बाद उन्हें टिकट नहीं मिले। ऐसे मामलों को देखते हुए आगामी भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले के दौरान क्रिकेट प्रशंसकों को ऑनलाइन टिकट खरीदते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
 

Tags - India vs West Indies Ticket Scam Cyber Fraud Ranchi Cricket I4C Alert