logo

उत्पाद सिपाही भर्ती का रिजल्ट अब तक नहीं, अभ्यर्थियों ने कांग्रेस महानगर अध्यक्ष से लगाई गुहार

उत्पाद सिपाही भर्ती का रिजल्ट अब तक नहीं, अभ्यर्थियों ने कांग्रेस महानगर अध्यक्ष से लगाई गुहार

रांची: 
Jharkhand News:
झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का अंतिम परिणाम जल्द प्रकाशित करने और नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने रांची महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा को ज्ञापन सौंपा है। अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार, 23 नवंबर को कांग्रेस भवन, श्रद्धानंद रोड, रांची में उनसे मुलाकात कर भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी से जुड़ी समस्याओं को सामने रखा। अभ्यर्थियों ने ज्ञापन में बताया कि झारखंड उत्पाद सिपाही की भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। वर्ष 2023 में विज्ञापन जारी होने के बाद अभ्यर्थियों ने भर्ती के विभिन्न चरणों में हिस्सा लिया। उनके अनुसार, शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा, मेडिकल जांच और दस्तावेज सत्यापन समेत भर्ती के लगभग सभी आवश्यक चरण पूरे हो चुके हैं। इसके बावजूद अब तक अंतिम मेधा सूची प्रकाशित नहीं की गई है।

परिणाम के इंतजार में बीत रहे युवाओं के महत्वपूर्ण वर्ष
अभ्यर्थियों ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया में लगातार देरी होने के कारण उनके जीवन के कई महत्वपूर्ण वर्ष परिणाम की प्रतीक्षा में बीत रहे हैं। अंतिम परिणाम जारी नहीं होने से उनके भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द अंतिम मेधा सूची जारी करने और नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है। अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. कुमार राजा से मामले में हस्तक्षेप करने और संबंधित विभाग तक उनकी मांग पहुंचाने का आग्रह किया। इस पर कुमार राजा ने आश्वासन दिया कि वह दो दिनों के भीतर मुख्य सचिव से मुलाकात कर अभ्यर्थियों की समस्या के समाधान को लेकर बात करेंगे। अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि इस पहल से भर्ती प्रक्रिया में तेजी आएगी और लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे युवाओं को राहत मिलेगी।

Tags - Jharkhand PoliceUtpad SipahiRecruitment UpdateFinal Merit ListRanchi News