रांची:
Jharkhand News: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पूर्व अध्यक्ष एल खियांगते को फिलहाल झारखंड हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। उनकी जमानत याचिका पर गुरुवार को हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। अदालत ने बिना निर्देश के काउंटर एफिडेविट दाखिल करने और उसमें दी गई जानकारी की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। साथ ही सरकार को याचिकाकर्ता की ओर से उठाए गए कानूनी बिंदुओं पर 9 दिसंबर तक विस्तृत जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।

सरकार ने बिना निर्देश क्यों दाखिल किया जवाब?
जस्टिस अनुभा रावत चौधरी की अदालत ने सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से दाखिल काउंटर एफिडेविट पर आपत्ति जताई। अदालत ने सरकारी वकील से सवाल किया कि इस मामले में सरकार की ओर से इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई गई। अदालत ने कहा कि आमतौर पर दूसरे मामलों में अदालत के निर्देश के बाद ही सरकार जवाब दाखिल करती है, लेकिन इस मामले में बिना निर्देश के ही काउंटर एफिडेविट दाखिल कर दिया गया। अदालत ने जवाब में दी गई जानकारी को भी संतोषजनक नहीं माना और सरकार की कार्यशैली पर नाराजगी जताई।

वरीय अधिवक्ता अनिल कुमार ने रखी जमानत की दलील
एल खियांगते की ओर से वरीय अधिवक्ता अनिल कुमार ने अदालत में पक्ष रखा। उन्होंने पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष को जमानत देने का आग्रह करते हुए सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों का हवाला दिया। उन्होंने विभिन्न कानूनी बिंदुओं के आधार पर जमानत दिए जाने की मांग की।सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गईं। अदालत ने स्पष्ट किया कि याचिकाकर्ता की ओर से जमानत के समर्थन में उठाए गए बिंदुओं पर राज्य सरकार को अपना स्पष्ट पक्ष रखना होगा।
16 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
दोनों पक्षों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को 9 दिसंबर तक विस्तृत जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। वहीं, मामले में अगली सुनवाई के लिए 16 दिसंबर की तारीख निर्धारित की गई है। अब अगली सुनवाई में सरकार के जवाब और जमानत के समर्थन में याचिकाकर्ता की ओर से पेश किए गए कानूनी तर्कों पर विचार किया जाएगा। फिलहाल एल खियांगते की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट का अंतिम फैसला आना बाकी है।